चित्तौड़गढ़। स्मैक के अवैध कारोबार के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 60 हजार रुपये के इनामी टॉप-10 वांछित अभियुक्त राहुल बंजारा को गंगरार थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। एजीटीएफ राजस्थान की ओर से राहुल बंजारा पर 60 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

राहुल बंजारा के खिलाफ 16 जनवरी 2026 को की गई कार्रवाई के दौरान उसके रिहायशी मकान से अवैध स्मैक पाउडर, स्मैक बनाने के रसायन और हथकढ़ देशी शराब बरामद की गई थी। कार्रवाई में पुलिस ने करीब 15 लाख रुपये नकद, 13 एंड्रॉयड और 21 कीपैड मोबाइल, 4 लैपटॉप सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए थे।

पुलिस को स्मैक निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली थी। इसके अलावा इंजन व चेसिस नंबर गोदने की रॉड मय एल्फाबेट सहित अन्य सामान बरामद किया गया था। इस मामले में थाना गंगरार पर एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। कार्रवाई के बाद से ही राहुल बंजारा फरार चल रहा था।

लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र और आसूचना संकलन के जरिए उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और आखिरकार राहुल बंजारा को गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में, एएसपी गजेन्द्र सिंह जोधा एवं सीओ गंगरार उदय सिंह चुण्डावत के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत की टीम ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।

Next Story