जयपुर, 6 सितंबर। चित्तौड़गढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बेगूं थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-27 पर सूरतपुरा सरहद से अवैध अफीम डोडाचूरा से भरी टाटा सफारी कार जब्त की है। पुलिस ने कार से कुल 456 किलो 030 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह कानावत और वृत्ताधिकारी अंकित कुड़ी के सुपरविजन में थानाधिकारी बेगूं के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।

5 सितंबर की रात बेगूं पुलिस टीम एनएच-27 पर सूरतपुरा की सीमा में संदिग्ध वाहनों की कड़ी नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार टाटा सफारी कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने मुस्तैदी से पीछा किया तो तस्कर कार को एक सुनसान रास्ते पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस टीम ने लावारिस मिली सफारी कार की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में 456 किलो 030 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा भरा मिला। पुलिस ने अवैध डोडाचूरा के साथ तस्करी में प्रयुक्त सफारी कार को भी जब्त कर लिया।

इस संबंध में थाना बेगूं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें फरार कार चालक और उसके साथी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल रमेश की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

कार्रवाई के बाद अब पुलिस का फोकस फरार तस्करों तक पहुंचने और अवैध डोडाचूरा की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए चल रही जांच पर है।

Next Story