जयपुर, 20 दिसंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित शहरी समस्या समाधान शिविर ने शनिवार को विद्याधर नगर जोन में प्रशासनिक सक्रियता और जनसेवा का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया। शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही शहरी सेवाओं की प्रगति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। शिविर में मौजूद नागरिकों से संवाद कर उन्होंने सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने विभिन्न लाभार्थियों को महत्वपूर्ण दस्तावेज और योजनाओं का लाभ प्रदान किया। उन्होंने श्री मुरारी लाल गुप्ता को लीज होल्ड से फ्री होल्ड का पट्टा अभिलेख सौंपा, श्री मणिराम को उपविभाजन पत्र प्रदान किया तथा श्री बबलू को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 50 हजार रुपये का चैक प्रदान किया। इसके अतिरिक्त शिविर में श्री चतुर्भुज खंडेलवाल और श्रीमती पदमा शर्मा को नाम हस्तांतरण पत्र, श्री अजय कुमार को पट्टा पुनर्वेध, श्री राजेश कुमार निदानिया एवं श्रीमती भावना कुमारी को विवाह प्रमाण-पत्र, श्री संजय कुमार को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 50 हजार रुपये का चैक तथा श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ को उपविभाजन पत्र जारी किए गए।

मुख्य सचिव ने महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, ऊर्जा विभाग, आयोजना विभाग, चिकित्सा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और सुगम सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। शिविर में उपस्थित लाभार्थियों ने भी सेवाओं की सहजता और त्वरित समाधान पर संतोष व्यक्त किया।

अपने संबोधन में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि राज्य सरकार आमजन तक सरकारी सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के शहरी समाधान शिविर जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इसे प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बताया।

इस अवसर पर शासन सचिव श्री रवि जैन, आयुक्त डॉ. गौरव सैनी, संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक श्रीमती पूनम, अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल एवं श्री प्रवीण कुमार सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्याधर नगर में आयोजित यह शिविर प्रशासनिक दक्षता और जनहित के समन्वय का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story