जयपुर, 6 मार्च 2026। चेटीचंड सिंधी मेला समिति, महानगर जयपुर द्वारा पखवाड़ा कार्यक्रमों की श्रृंखला में सिंधी भगत का भव्य आयोजन शनिवार शाम को 6:30 बजे से स्थानीय नाहरी का नाका, सिंधु नगर के सर्वानंद हॉल में आयोजित किया जाएगा। अध्यक्ष नरेंद्र मूलचंदानी और महासचिव प्रमोद नावानी ने बताया कि अजमेर की रवि भगत एंड पार्टी के द्वारा सिंधी भगत की प्रस्तुति दी जाएगी।

सांस्कृतिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम की रूपरेखा

कार्यक्रम आयोजक नरेश कुमार मंघनानी और जितेंद्र लखवानी ने बताया कि कार्यक्रम में सिंधी संस्कृति, भक्ति और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। जिससे श्रद्धालु और समाजबंधु भक्ति रस में सराबोर होंगे।

सिंधी भगत: कला और आध्यात्म का संगम

तुलसी संगतानी ने बताया कि "सिंधी समाज में सिंध की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं में सिंधी भगत का विशेष स्थान है। यह केवल संगीत या नृत्य का कार्यक्रम नहीं बल्कि भक्ति अध्यात्म और लोक संस्कृति का सुंदर संगम है।" उन्होंने आगे जानकारी दी कि सिंधी भगत में कलाकार भगवान शंकर, श्री राम, श्री झूलेलाल और अन्य देवी देवताओं से जुड़े भजनों व लोकगीत को संगीत, अभिनय और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत करते हैं।

परंपरा और विरासत का संरक्षण

सिंधी भगत को सिंध के संत भगत कंवर राम ने अपनाया, जिसमें कलाकार विशेष पोशाक जिसे जामा कहते हैं, पहन कर और सर पर पगड़ी व पैरों में घुंघरू बांध नृत्य करते हैं। इस आयोजन के माध्यम से आध्यात्मिक संगीत मय कथा की प्रस्तुति देकर भक्ति का संदेश दिया जाता है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपरा से जोड़ा जाता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story