चाकसू में कन्वेंशन सेंटर, ऑडिटोरियम और कैफे निर्माण को 6.54 करोड़ की मंजूरी, जिला परिषद ने जारी की वित्तीय स्वीकृति
जयपुर जिला परिषद् ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत चाकसू में कन्वेंशन सेंटर, ऑडिटोरियम और कैफे निर्माण के लिए 6.54 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की।

जिला परिषद् जयपुर ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत चाकसू में कन्वेंशन सेंटर, ऑडिटोरियम, कैफे की स्थापना तथा अन्य विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ 54 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। स्वीकृति के साथ ही ई-वर्क पोर्टल पर निर्धारित सीमा तक राशि हस्तांतरण की अनुमति भी प्रदान की गई है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद् प्रतिभा वर्मा द्वारा जारी वित्तीय स्वीकृति के अनुसार उक्त कार्य का क्रियान्वयन नगर पालिका चाकसू द्वारा किया जाएगा। परियोजना के तहत विभिन्न विकास कार्यों के माध्यम से चाकसू क्षेत्र में आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
जारी स्वीकृति आदेश में निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य तकनीकी स्वीकृति एवं ग्रामीण कार्य निर्देशिका-2025 के प्रावधानों के अनुरूप निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं। साथ ही कार्यों की प्रगति नियमित रूप से ई-वर्क पोर्टल पर दर्ज करने तथा वित्तीय एवं तकनीकी नियमों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह वित्तीय स्वीकृति चाकसू क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों के क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
