राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में 27 अगस्त को ‘माय भारत–नेशनल स्पोर्ट्स डे 2026 युवा कनेक्ट’
राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में 27 अगस्त को ‘माय भारत–नेशनल स्पोर्ट्स डे 2026 युवा कनेक्ट’ होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन, युवा संवाद और खेल अवसंरचना पर परिचर्चा के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि होंगे।

किशनगढ़ में राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय 27 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी ‘माय भारत–नेशनल स्पोर्ट्स डे 2026 युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार एवं अजमेर लोकसभा सांसद श्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय खेल दिवस प्रतिवर्ष 29 अगस्त को मनाया जाता है। इसके उपलक्ष्य में मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 27 अगस्त 2026 को ‘माय भारत–नेशनल स्पोर्ट्स डे 2026 युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी पहल के तहत देशभर के कुछ चुनिंदा शैक्षणिक संस्थानों को कार्यक्रम की मेजबानी का अवसर दिया जा रहा है, जिसमें राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय भी शामिल है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना तथा खेलों को उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। देशभर में 1,600 से अधिक स्थानों पर 8 लाख से अधिक युवाओं की सहभागिता प्रस्तावित है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन और युवाओं के साथ संवाद से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लाइव फीड/टू-वे कनेक्टिविटी के माध्यम से संबोधन से होगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें गणमान्य अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद आमंत्रित अतिथि के साथ संवाद एवं परिचर्चा होगी, जिसमें खेल अवसंरचना के विकास, देश में खेलों को बढ़ावा देने और भारत की आगामी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की तैयारियों जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में श्री भागीरथ चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार एवं सांसद, अजमेर लोकसभा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनकी उपस्थिति युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करेगी।
राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा, “विकसित भारत के निर्माण में हमारे युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और आकांक्षाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण की व्यापक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में इस राष्ट्रीय पहल की मेजबानी हमारे लिए गौरव का विषय है और हम इसे युवाओं के लिए एक सार्थक संवाद, सहभागिता और प्रेरणा के मंच के रूप में देखते हैं।”
स्थानीय कार्यक्रम के तहत युवा संवाद भी आयोजित किया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालय के युवा अपने विचार, दृष्टिकोण एवं आकांक्षाएं साझा कर सकेंगे। युवाओं की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर ‘आइडिया बॉक्स’ की सुविधा उपलब्ध रहेगी। क्यूआर कोड के माध्यम से युवा खेल, युवा विकास एवं संबंधित विषयों पर अपने सुझाव और विचार प्रस्तुत कर सकेंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा।
यह कार्यक्रम युवाओं में खेल भावना, स्वस्थ जीवनशैली और अनुशासन को बढ़ावा देने के साथ उन्हें ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा। इसके माध्यम से “स्पोर्ट्स फॉर हेल्थ, स्पोर्ट्स फॉर वैल्यूज एंड स्पोर्ट्स फॉर नेशन-बिल्डिंग” के संदेश को जन भागीदारी के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

