सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का जयपुर में मेगा एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कैंप आज
कैंप में उद्यमियों को ऋण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और तत्काल सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की जाएगी।

जयपुर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने और उनकी ऋण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया बड़ा क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। 20 नवंबर 2026 को विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन चैंबर (VKIA), जयपुर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में उद्यमियों को विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके ऋण प्रस्तावों पर तत्काल सैद्धांतिक स्वीकृति (In-Principle Approval) भी प्रदान की जाएगी।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जयपुर क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेगा MSME क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में बैंक के केंद्रीय कार्यालय के महाप्रबंधक श्री अरविंद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में श्री अनिल कुमार, अंचल प्रमुख, जयपुर तथा श्री शैलेन्द्र सिन्हा, क्षेत्रीय प्रमुख, जयपुर की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों को उनकी व्यावसायिक और वित्तीय आवश्यकताओं के अनुरूप बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं से अवगत कराना तथा सरल, पारदर्शी और त्वरित ऋण सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
इस दौरान नए उद्योग स्थापित करने, मौजूदा व्यवसाय का विस्तार करने, कार्यशील पूंजी की जरूरत पूरी करने और व्यवसाय के आधुनिकीकरण के लिए बैंक की विभिन्न MSME ऋण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। बैंक अधिकारी उद्यमियों की व्यावसायिक आवश्यकताओं और ऋण पात्रता के आधार पर उन्हें उपयुक्त वित्तीय समाधान उपलब्ध कराने के लिए मार्गदर्शन भी देंगे।
कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता शिविर में प्राप्त होने वाले ऋण प्रस्तावों पर तत्काल सैद्धांतिक स्वीकृति की व्यवस्था रहेगी। आवश्यक दस्तावेजों और पात्रता की जांच के बाद ग्राहकों के ऋण प्रस्तावों को In-Principle Approval प्रदान किया जाएगा। इससे ऋण प्रक्रिया में तेजी आएगी और उद्यमियों को अपने कारोबार के विस्तार एवं विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया MSME क्षेत्र को देश की आर्थिक प्रगति और रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण आधार मानता है। इसी उद्देश्य से बैंक आकर्षक ब्याज दरों, सरल ऋण प्रक्रिया, न्यूनतम दस्तावेजीकरण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन के माध्यम से उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैंक ने सभी उद्यमियों, व्यापारियों और उद्योग जगत से जुड़े व्यक्तियों से इस विशेष क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने तथा अपनी ऋण आवश्यकताओं के अनुरूप सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की विभिन्न MSME ऋण योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

