जनगणना 2026: स्व-गणना पोर्टल पर 1 से 15 मई तक जानकारी दर्ज करें
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने नागरिकों से सटीक जानकारी दर्ज करने की अपील की, 16 मई से 14 जून तक घर-घर सर्वे होगा

जयपुर, 29 अप्रैल। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेशवासियों से 1 मई से 15 मई, 2026 तक स्व-गणना पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार की सटीक जानकारी दर्ज करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह चरण नागरिक सहभागिता का महत्वपूर्ण आधार बनेगा।
राज्यपाल श्री बागडे ने स्पष्ट किया कि 16 मई से 14 जून तक गणनाकर्मी प्रदेश के लोगों के पास घर-घर पहुंचेंगे। इस दौरान पहले चरण में मोबाइल ऐप के माध्यम से आवासों की सूची, उपलब्ध सुविधाओं, संपत्तियों तथा अन्य आवश्यक आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे, जिससे जनगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और सटीक बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि ‘जनगणना’ का अर्थ केवल लोगों की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, लिंग अनुपात और जातिगत आंकड़ों के आधार पर राष्ट्र का विस्तृत सामाजिक दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया है। इन आंकड़ों के आधार पर देश में जन-जन के लिए कल्याणकारी कार्यक्रमों, विकास योजनाओं और प्रभावी नीतियों को लागू करना संभव होता है।
राज्यपाल ने नागरिकों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दें और निर्धारित अवधि में स्व-गणना पोर्टल पर सटीक जानकारी दर्ज कर देश के समग्र विकास में भागीदार बनें।

