जयपुर, 20 जनवरी 2026। राजस्थान की राजधानी जयपुर आज केसरिया उत्सव के रंग में सराबोर नजर आई। भारतीय जनता पार्टी के 45 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया, जब 45 वर्षीय ऊर्जावान युवा नेता नितिन नबीन को निर्विरोध रूप से भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में इस ऐतिहासिक पल का स्वागत किसी दिवाली की तरह किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप, गगनभेदी आतिशबाजी और 'भारत माता की जय' के नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने इस नए नेतृत्व का अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और निर्वतमान अध्यक्ष जेपी नड्डा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर इस 'युवा युग' की शुरुआत का जश्न मनाया।

इस भव्य उत्सव के दौरान भजनलाल सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने कार्यकर्ताओं के सैलाब को संबोधित करते हुए इसे भारतीय राजनीति का एक निर्णायक मोड़ करार दिया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज हिन्दुस्तान के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। 45 साल पुरानी भाजपा को 45 वर्षीय युवा नेतृत्व मिलना इस बात का प्रतीक है कि पार्टी राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रप्रेम के पथ पर चलते हुए 'अमृत काल' में देश को गौरव की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने नितिन नबीन के निर्वाचन को विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी के लिए एक नई ऊर्जा का संचार बताया।

प्रदेश के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने भी इस अवसर पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा न केवल नए आयाम स्थापित करेगी, बल्कि युवाओं की आकांक्षाओं को भी नई उड़ान देगी। मीणा ने जोर देकर कहा कि टीएसपी क्षेत्र सहित देशभर के युवा अब राष्ट्र निर्माण की दिशा में और अधिक मजबूती से कार्य करेंगे क्योंकि भाजपा ही वह एकमात्र दल है जो युवाओं के सामर्थ्य पर विश्वास करती है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने इस निर्वाचन को लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत बताते हुए विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा में अवसर केवल कार्य और सेवा के आधार पर मिलते हैं, न कि किसी परिवार के नाम पर। बगड़ी ने कहा कि नितिन नबीन का चयन सिद्ध करता है कि भाजपा युवाओं की अपनी पार्टी है। आने वाले समय में संगठन और सरकार के बीच एक अभूतपूर्व तालमेल देखने को मिलेगा, जिससे पार्टी की नींव और अधिक सशक्त होगी।

उत्सव के इस माहौल में संगठन की एकजुटता भी साफ तौर पर दिखाई दी। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, प्रदेश मंत्री अजीत माढण, और अपूर्वा सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गेरा ने नए अध्यक्ष के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। जयपुर जिला अध्यक्ष अमित गोयल, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ और आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने इस दिन को भाजपा के संकल्प और सामर्थ्य का पर्व बना दिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story