राजस्थान पुलिस अकादमी में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक: तीसरे दिन जल संरक्षण का दिया संदेश
राजस्थान पुलिस अकादमी में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तीसरे दिन प्रशिक्षुओं ने वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट की सफाई की और जल संरक्षण की शपथ ली।

ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में जल संरक्षण के लिए वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट की सफाई करते प्रशिक्षु।
राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर में आयोजित ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तीसरे दिन मंगलवार को जल संरक्षण को लेकर विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। 01 से 07 नवम्बर तक चल रहे इस सप्ताह के तहत तीसरे दिन ‘सेव वॉटर’ थीम पर अकादमी परिसर में जल संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट की सफाई करवाकर वर्षा जल संचयन और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई।
कार्यक्रम के तहत अकादमी परिसर में स्थापित वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट की सफाई करवाई गई। इसके माध्यम से प्रशिक्षुओं को पानी की बचत, वर्षा जल के संरक्षण तथा पारंपरिक जल स्रोतों की मरम्मत और नियमित रखरखाव के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए दैनिक जीवन में पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी के प्रशिक्षुओं और अधिकारियों ने जल संरक्षण तथा वर्षा जल संचयन के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की शपथ ली। आयोजित गतिविधियों में अकादमी के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना और वर्षा जल संचयन के साथ पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट की सफाई के जरिए जल संसाधनों के संरक्षण और उनके बेहतर रखरखाव का संदेश दिया गया।

