ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक: जयपुर में पर्यावरण संरक्षण की शपथ, एक घंटे बंद रही बिजली
अधिकारियों और कर्मचारियों ने ऊर्जा व जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग रोकने तथा ई-वेस्ट घटाने का संकल्प लिया।

जयपुर के राज्य बीमा विभाग में पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली की शपथ लेते हुए अधिकारी।
जयपुर। ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत जयपुर स्थित राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग में पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने ऊर्जा एवं जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और ई-वेस्ट कम करने का संकल्प लिया। ऊर्जा संरक्षण का संदेश देने के लिए विभाग में एक घंटे तक विद्युत आपूर्ति भी बंद रखी गई।
निदेशालय, राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग, राजस्थान, जयपुर में गुरुवार 05 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ अतिरिक्त निदेशक (सिस्टम) सुनील चंद बंसल ने विभागीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, ऊर्जा एवं जल का संरक्षण करने, पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने तथा ई-वेस्ट कम करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव अपनाने और प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही ऊर्जा संरक्षण अभियान के तहत दोपहर 1:15 बजे से 2:15 बजे तक एक घंटे के लिए विभाग की विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई। इस पहल के जरिए अनावश्यक बिजली खपत कम करने और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
संयुक्त निदेशक जनसम्पर्क मनीता राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम में संतोष अमिताभ (अतिरिक्त निदेशक), रामपाल परसोया (अतिरिक्त निदेशक), राजकुमार शिवानी (अतिरिक्त निदेशक), सुरेश कुमार पुनियां (अतिरिक्त निदेशक), चन्द्रशेखर मिश्रा (अतिरिक्त निदेशक) एवं आलोक अग्निहोत्री (अतिरिक्त निदेशक) उपस्थित रहे। इनके अलावा मीनाक्षी चौधरी (संयुक्त निदेशक) और इन्द्र कुमार भानु (संयुक्त निदेशक) सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत आयोजित इस पहल में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने तथा ऊर्जा, जल और अन्य संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

