ब्रह्मा कुमारीज जयपुर में श्रीमद् भागवत गीता सार कार्यक्रम आयोजित
जयपुर के पीस पैलेस में आयोजित सात दिवसीय कार्यक्रम के तीसरे दिन भारती दीदी ने आत्मा और परमात्मा के रहस्यों सहित राजयोग मेडिटेशन पर प्रकाश डाला।

जयपुर के पीस पैलेस सेवा केंद्र में आयोजित श्रीमद् भागवत गीता सार कार्यक्रम के तीसरे दिन दीप प्रज्वलन करते मुख्य वक्ता भारती दीदी एवं अन्य गणमान्य अतिथि।
जयपुर स्थित ब्रह्मा कुमारीज के पीस पैलेस सेवा केंद्र में आयोजित एक सप्ताहीय श्रीमद् भागवत गीता सार कार्यक्रम के तीसरे दिन श्रद्धालुओं को आत्मा एवं परमात्मा के गूढ़ रहस्यों का विस्तृत परिचय कराया गया। कथावाचक आदरणीय भारती दीदी जी ने अपने उद्बोधन में स्वयं का और परमात्मा का परिचय देते हुए कहा कि जिस प्रकार शरीर में होने वाले दर्द को इन आंखों से देखा नहीं जा सकता, उसी प्रकार इस शरीर में स्थित आत्मा के गुण—सुख, शांति और प्रेम—भी भौतिक दृष्टि से नहीं देखे जा सकते, उन्हें केवल अनुभव किया जा सकता है।
उन्होंने गीता के आधार पर परमात्मा का परिचय स्पष्ट करते हुए कहा कि गीता में उल्लेख है कि परमात्मा अजन्मा, अकर्ता और अभोगता हैं, अर्थात निराकार शिव ही परमात्मा हैं, जो जीवन में चल रहे संघर्ष रूपी युद्ध से बाहर निकलने का समाधान गीता उपदेश के माध्यम से प्रदान करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि सभी धर्मशास्त्रों में परमात्मा का सत्य परिचय और शिक्षाएं लगभग समान रूप से वर्णित हैं, किंतु वर्तमान में चारों ओर व्याप्त संघर्ष और युद्ध की स्थिति का मुख्य कारण अज्ञानता है।
भारती दीदी जी ने यह भी कहा कि जो ग्रंथ वास्तव में सही अर्थों में पढ़ा जाता है, वह कभी लड़ाई का कारण नहीं बनता, और जो लड़ता है उसने ग्रंथ को सही तरीके से नहीं समझा है। कार्यक्रम में उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को परमात्मा शिव के साथ राजयोग मेडिटेशन की विधि सिखाते हुए मन को शक्ति से भरने का अभ्यास कराया।
इसके साथ ही प्रतिदिन प्रातः 5:30 से 7:00 बजे तक कृष्णा पैराडाइज़ मैरिज गार्डन, वी.के.आई, रोड नंबर 6 में शरीर को स्वस्थ रखने हेतु म्यूजिकल एक्सरसाइज और तनाव मुक्ति शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसका लाभ क्षेत्रीय नागरिक निरंतर उठा रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिदिन दीप प्रज्वलन और आरती के साथ गणमान्य अतिथियों द्वारा किया जा रहा है। तीसरे दिन कार्यक्रम में मिलेट्स विकास निदेशालय, भारत सरकार, जयपुर से डॉ. लक्ष्मणराम बुल्डक (निदेशक), श्री अजय स्वामी (तकनीकी अधिकारी), डॉ. सुनील गुप्ता (नेत्र विशेषज्ञ, दृष्टि आई हॉस्पिटल), शंकर सिंह (पूर्व डी.आई.जी, सेंट्रल जेल), राजेश अग्रवाल (रोटरी क्लब, जयपुर) एवं उद्योगपति ब्रह्मा कुमार मदनलाल शर्मा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
सायं 3:00 से 6:00 बजे तक चल रहे इस कार्यक्रम में नगरवासी श्रद्धा और उत्साह के साथ सच्चे गीता सार का श्रवण कर रहे हैं तथा मन की शांति एवं पवित्र वातावरण का अनुभव कर रहे हैं। लगभग 300 से अधिक श्रद्धालुओं को प्रतिदिन प्रसाद वितरण भी किया जा रहा है। कार्यक्रम को क्षेत्र में व्यापक सराहना मिल रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
