जयपुर: भारतीय जैन संघठना द्वारा 'परिणय पथ' विवाह मार्गदर्शन सत्र आयोजित
बीजेएस पिंक सिटी ने युवाओं को जीवनसाथी चयन की व्यवहारिक समझ और संवाद आधारित प्रक्रिया सिखाने के लिए होटल हॉलिडे इन में एक सशक्त मंच प्रदान किया।

जयपुर के होटल हॉलिडे इन में आयोजित 'परिणय पथ - Vivaah Verse' कार्यक्रम के शुभारंभ पर दीप प्रज्ज्वलन करते अतिथि यश जैन, अरुण जैन और सुरेश दर्डा।
भारतीय जैन संघठना (BJS), पिंक सिटी जयपुर के तत्वावधान में रविवार को होटल हॉलिडे इन, 22 गोदाम सर्कल, सरदार पटेल मार्ग पर “परिणय पथ – Vivaah Verse” का भव्य एवं सफल आयोजन सम्पन्न हुआ, जिसने जयपुर के जैन युवाओं को जीवनसाथी चयन की प्रक्रिया में व्यवहारिक मार्गदर्शन और गरिमामय संवाद का सशक्त मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम की परिकल्पना एवं नेतृत्व BJS पिंक सिटी के अध्यक्ष सुनील कोठारी द्वारा किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विवाह संबंधी निर्णयों में स्पष्ट दृष्टिकोण देना तथा संवाद आधारित प्रक्रिया को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में इंटरैक्टिव गतिविधियां, एक्सप्रेशनल सेशन, जीवनसाथी चयन को लेकर अपेक्षाओं और दृष्टिकोण पर खुला संवाद आयोजित किया गया। साथ ही अभिभावकों के लिए समर्पित मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें व्यक्तित्व, मूल्यों और सोच को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया, न कि केवल बायोडाटा आधारित मिलान पर।
इस आयोजन में युवक एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम यादगार बन गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन BJS की राष्ट्रीय मैनेजिंग डायरेक्टर कोमल जैन द्वारा अत्यंत कुशलता और संवेदनशीलता के साथ किया गया, जिससे प्रत्येक प्रतिभागी को सहज और सुव्यवस्थित अनुभव प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में यश बापना (सचिव), शरद कांकरिया, राज्य सचिव आतिश लोढ़ा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सम्प्रति सिंघवी, राज्य मीडिया प्रभारी बसन्त जैन, पवन बज, चंद्रा जी संचेती, ज्योति बोहरा, मिताली चोरडिया, ज्योति प्रिया जैन एवं रक्षा कोठारी का उल्लेखनीय योगदान रहा। टीम के समर्पण और समन्वय से यह आयोजन एक नई मिसाल के रूप में स्थापित हुआ।
समापन समारोह में शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जय श्री ज्वेलरी के यश जैन, प्रसिद्ध ज्वेलर अरुण जैन और सुरेश दर्डा सहित अतिथियों द्वारा नवकार मंत्र जप एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। सभी सहभागियों ने आयोजन को वर्तमान समय की आवश्यकता के अनुरूप, वैज्ञानिक ढंग से सुनियोजित और अत्यंत प्रभावी बताया।
भारतीय जैन संघठना, पिंक सिटी जयपुर का यह प्रयास समाज में विवाह को लेकर स्वस्थ संवाद स्थापित करने और युवाओं को सही निर्णय हेतु सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
