जयपुर/दौसा, 28 दिसंबर 2025। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों के बीच दौसा में रविवार को भाजपा का प्रभावशाली शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी के दौसा आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन ने भव्य स्वागत कर अपनी उत्साहपूर्ण भागीदारी दर्ज कराई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी उनके साथ मौजूद रहे। हाईवे से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक निकाली गई वाहन रैली में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर दोनों नेताओं का अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भाजपा समर्थकों के उत्साह से सराबोर नजर आया।

जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दौसा की जनता द्वारा मिले स्नेह और सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सैनी मेहनत, ईमानदारी और सेवा के दम पर समाज और दौसा का नाम रोशन कर रहे हैं। राठौड़ ने इसे भाजपा की कार्यसंस्कृति का उदाहरण बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी वह संगठन है, जहां एक सामान्य परिवार का व्यक्ति भी समर्पण और परिश्रम के बल पर शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने जनता से राजनीति में जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि शासन की बागडोर किसे सौंपनी है, इसका निर्णय आमजन के हाथ में है और सेवा भावना ही राजनीति की सच्ची कसौटी होनी चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए कहा कि आज भारत को विश्व के अनेक देश सम्मान की दृष्टि से देख रहे हैं। उन्होंने पारदर्शी शासन का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अब सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है। राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दोनों के नेतृत्व में देश और राज्य निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर हैं। उन्होंने राजस्थान सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। ईआरसीपी परियोजना, जिसे पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने वर्षों तक रोके रखा था, उसे वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही गति दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शिलान्यास किए गए इस प्रोजेक्ट के वर्क ऑर्डर अब जारी हो चुके हैं।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने कहा कि वे संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए सभी को साथ लेकर कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी पंचायत राज और नगर पालिका चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता मिलेगी और हर बूथ पर भाजपा का परचम लहराएगा। सैनी ने उन्हें प्रदेश महामंत्री बनाए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़ा है और वर्ष 2014 के बाद भारत की छवि और भूमिका वैश्विक स्तर पर बदली है। उन्होंने कहा कि आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश यात्रा पर जाते हैं तो वहां के राष्ट्राध्यक्ष स्वयं उनका स्वागत करते हैं।

भूपेंद्र सैनी ने भाजपा की विचारधारा को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि पार्टी देश को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में वर्ष 2028 में राजस्थान में पुनः भाजपा की सरकार बनेगी। अंत में उन्होंने दौसा में कार्यकर्ताओं और आमजन द्वारा किए गए भव्य स्वागत और सम्मान के लिए आभार प्रकट किया। यह आयोजन न केवल संगठनात्मक एकजुटता का प्रतीक रहा, बल्कि आगामी चुनावों से पहले भाजपा की राजनीतिक सक्रियता और जनसमर्थन का स्पष्ट संदेश भी देता नजर आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story