जयपुर। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की ऐतिहासिक जीत के उपरांत राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर सोमवार को भव्य विजय उत्सव आयोजित किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और हजारों उत्साहित कार्यकर्ताओं ने बंगाली मिठाइयों—संदेश, मिष्टी दोई और झालमुड़ी के साथ एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर अपनी अटूट खुशी का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस विजय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और विकासपरक नीतियों की जीत बताते हुए जनसमूह को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं के बीच जोश भरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्पों को सिद्ध कर रहे हैं। जिस प्रकार प्रधानमंत्री ने धारा 370 को हटाकर मुखर्जी के सपने को साकार किया, ठीक उसी प्रकार अब पश्चिम बंगाल की धरा पर भी सुशासन स्थापित कर वे विकास का नया अध्याय लिखेंगे। स्वामी विवेकानंद के 'नरेंद्र' द्वारा 21वीं सदी को भारत की सदी बनाने की जो भविष्यवाणी की गई थी, उसे वर्तमान 'नरेंद्र' (प्रधानमंत्री मोदी) धरातल पर उतार रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में विपरीत परिस्थितियों और भारी संघर्ष के बीच कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को विशेष साधुवाद देते हुए उनके परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को “कश्मीर हो या हो गुवाहाटी- अपना देश, अपनी माटी” का संकल्प दिलाते हुए राष्ट्र और जनहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में लंबे समय से जारी भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति ने व्यापारियों एवं आम जनमानस को त्रस्त कर दिया था, किंतु अब वहां 'डबल इंजन' की सरकार विकास की गति को तेज करेगी। राजस्थान के संदर्भ में चर्चा करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान की उन्नति के लिए जो मांगा गया उससे सदैव अधिक प्रदान किया है। मोदी जी का एकमात्र एजेंडा 'विकास' है और इसी नीति के बल पर राजस्थान में आगामी 2028 के विधानसभा चुनावों में एक बार फिर भाजपा का कमल पूर्ण बहुमत के साथ खिलेगा।

मीडिया से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन तीन राज्यों की जनता ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन द्वारा 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन' के विरोध का जवाब 'वोट की चोट' से दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंगाल में घुसपैठियों द्वारा की गई हिंसा और अराजकता को जनता ने सिरे से नकार दिया है। वर्ष 2014 के बाद से देश में आतंकवाद और नक्सलवाद का अंत हुआ है और वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ा है। इस ऐतिहासिक विजयोत्सव के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, सतीश पूनिया, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, मंजू शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, डॉ. मिथिलेश गौतम, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, अजीत मांडण, एकता अग्रवाल, सीताराम पोसवाल, मुकेश पारीक, प्रमोद वशिष्ठ सहित कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, हीरालाल नागर, मदन दिलावर, गौतम दक, केके विश्नोई, मंजू बाघमार, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, कन्हैयालाल चौधरी, विजय सिंह तथा विधायक गोपाल शर्मा व बाल मुकुंदाचार्य महाराज सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story