भाजपा का नगरीय विकास संकल्प-पत्र जारी, 5 साल में शहरों के कायाकल्प का दावा
भाजपा ने नगरीय विकास संकल्प-पत्र 2026 जारी कर पांच वर्षों में 309 निकायों के कायाकल्प का रोडमैप और बड़े विकास लक्ष्यों का ऐलान किया।

तस्वीर में भाजपा नेता मंच पर नगरीय विकास संकल्प पत्र का विमोचन करते हुए।
भारतीय जनता पार्टी ने नगर निकाय चुनावों के बीच प्रदेश के शहरों के सुनियोजित, आधुनिक और सर्वांगीण विकास के लिए ‘नगरीय विकास संकल्प-पत्र 2026’ जारी किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, संकल्प पत्र संयोजक एवं सांसद घनश्याम तिवाड़ी, सांसद मंजू शर्मा, संकल्प पत्र सह संयोजक संतोष अहलावत और सौम्या गुर्जर ने संकल्प पत्र का विमोचन किया।
संकल्प पत्र के विमोचन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र नगरीय क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, उसे करके दिखाती है। संकल्प पत्र का उद्देश्य शहरों को सशक्त, स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधासंपन्न और विकसित बनाते हुए ‘सशक्त शहर–समृद्ध राजस्थान’ के संकल्प को साकार करना है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी घोषणा पत्र नहीं, बल्कि संकल्प पत्र जारी करती है। घोषणा पत्र केवल घोषणाओं का दस्तावेज होता है, जबकि संकल्प पत्र काम करने का संकल्प होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2023 में जारी संकल्प पत्र के 78 फीसदी वादे महज 32 माह में पूरे कर दिए हैं। भाजपा ने जो कहा, उसे पूरा करके दिखाया है। अब नगरीय निकायों का संकल्प पत्र जारी कर नगरीय निकायों का कायाकल्प किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की परिकल्पना शहरों से होकर गुजरती है, इसलिए नगरीय विकास आवश्यक है। भाजपा का यह संकल्प पत्र केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि शहरों की वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आगामी पांच वर्षों के विकास का रोडमैप है। प्रदेश के 309 स्थानीय निकायों में नगरीय सुविधाओं के विस्तार और आमजन के जीवन को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
संकल्प पत्र में अगले पांच वर्षों में शहरों के अलग-अलग आय वर्गों के लिए ‘एक लाख आवासीय भूखंड’ उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया गया है। इसके अलावा ‘7 लाख से अधिक घरों में PNG कनेक्शन’, महिलाओं की सुविधा के लिए ‘2,000 पिंक टॉयलेट्स’ और नए एवं बाहरी आवासीय क्षेत्रों में ‘15 लाख स्ट्रीट लाइट्स’ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानजनक जीवन के लिए ‘वरिष्ठ नागरिक सेवा केन्द्र’ स्थापित किए जाएंगे। पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स, CNG ऑटो एवं टैक्सी चालकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कवर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ और व्यवस्थित शहर भाजपा की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि शहरों में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेंडिंग जोन, आवश्यकता के अनुसार पार्किंग स्थल तथा नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में फूड कोर्ट विकसित किए जाएंगे। डंपिंग साइट्स पर वर्षों से जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा। अगले पांच वर्षों में 3,000 किलोमीटर पुरानी सीवर लाइनों की मरम्मत एवं परिवर्धन की दिशा में काम किया जाएगा।
सुरक्षित शहर और बेहतर यातायात व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक निकाय क्षेत्र में सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और निगरानी के लिए CCTV कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। प्रमुख मार्गों का विकास और चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। भवन निर्माण संबंधी नक्शों की फाइलों के ऑनलाइन निस्तारण की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाते हुए एक सप्ताह में निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है।
यातायात और पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए व्यापक नीति बनाई जाएगी। इसमें फ्लाईओवर, अंडरपास, ब्रिज तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मल्टीलेवल एवं सामूहिक पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं शामिल होंगी। शहरों में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिंग रोड के निर्माण की दिशा में भी काम किया जाएगा।
तकनीक के साथ विकसित होंगे भविष्य के शहर
सीएम शर्मा ने बताया कि संकल्प पत्र में नगरीय विकास को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। खराब सड़कों और सीवर लाइनों की जांच के लिए CCTV सर्वे तथा सड़क खोदे बिना आधुनिक ट्रेंचलेस तकनीक से मरम्मत का प्रावधान किया गया है। सीवरेज सफाई के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए आधुनिक रोबोटिक 3-in-1 क्लिनिंग मशीन और डिजिटल गैस डिटेक्टर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
युवाओं के लिए ई-लाइब्रेरी, रोजगार मेलों और नगर निगमों में इंटर्नशिप की व्यवस्था की जाएगी। ई-वाहनों को बढ़ावा देने के लिए EV चार्जिंग पॉइंट्स विकसित किए जाएंगे। बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट और सुरक्षा के लिए अभय कमांड सेंटरों को AI तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
हरित और पर्यावरण अनुकूल शहरों का संकल्प
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक निकाय में नगर वन एवं ‘लवकुश’ वाटिकाएं विकसित कर हरियाली और वायु गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया जाएगा। जनसहयोग से वृक्षारोपण कर ग्रीन बेल्ट और ग्रीन एरिया विकसित किए जाएंगे। वर्षा जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए प्रमुख पार्कों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में वर्षा जल संचयन प्रणाली लगाने की दिशा में काम होगा।
प्रभावित निकायों में पेयजल आपूर्ति में सुधार तथा घरेलू क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की दिशा में काम किया जाएगा। नगर निकायों की विस्तारित सीमाओं में शामिल नए गांवों में सीवरेज, जल, सफाई, कचरा संग्रहण, सड़क, रोड लाइट और बिजली जैसी आधारभूत सुविधाओं का चरणबद्ध विकास किया जाएगा।
सभी नगर निगम क्षेत्रों में सुरक्षित, सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के लिए ई-बस सेवा शुरू करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसमें महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। आवश्यकता वाले नगरीय निकायों में चरणबद्ध तरीके से सीवरेज व्यवस्था स्थापित की जाएगी और जलभराव की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था, नए बाजारों का विकास तथा विशेष क्षेत्रों के लिए आवश्यक नीतियां तैयार की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के माध्यम से SC/ST, पात्र OBC एवं EWS वर्गों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिटी यूनिट्स विकसित करने, हाईराइज बिल्डिंग्स में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा ऐतिहासिक हवेलियों, हेरिटेज स्थलों, तालाबों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के संरक्षण और विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
भाजपा का संकल्प स्पष्ट है कि शहरों का विकास केवल सड़कों और इमारतों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्वच्छता, सुरक्षा, रोजगार, पर्यावरण, परिवहन, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को एक साथ लेकर आधुनिक एवं आत्मनिर्भर शहरों का निर्माण किया जाएगा। इन्हीं विकसित शहरों को विकसित राजस्थान की मजबूत नींव बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कांग्रेस ने प्रदेश की स्थिति खराब की: भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की हालत खराब की थी, जबकि उनकी सरकार ने स्थिति में बेहद सुधार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को धोखा दिया और भ्रष्टाचार तथा तुष्टिकरण की नीतियों के चलते निकायों को मनमर्जी से तोड़ दिया। तुष्टिकरण की नीति का ही परिणाम था कि एक वार्ड 300 मतदाताओं का तो दूसरा वार्ड 3000 मतदाताओं का बना दिया गया। उनकी सरकार ने एक नीति बनाकर नियमानुसार पुनर्गठन किया।
सीएम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता सदन में कहते थे कि उनके काका भी ‘एक राज्य, एक चुनाव’ नहीं करवा सकते, लेकिन भाजपा सरकार ने प्रदेश की 309 निकायों में एक चुनाव करवाने का काम किया। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में जो कहा गया है, उसे भी पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों को पांच साल में 25 करोड़ रुपये का फंड मिलता था, जबकि भाजपा सरकार ने 32 माह में ही प्रदेश के विकास के लिए विधायकों को 28 करोड़ रुपये का फंड स्वीकृत करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब विधानसभा में चार लाख नौकरी देने की बात कही गई तो विपक्ष इसका मजाक उड़ाता था। उन्होंने कहा था कि पैन डायरी लेकर बैठ जाओ। जो कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं। भाजपा सरकार ने 1.70 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दे दी हैं और 1.25 लाख से अधिक कैलेंडर जारी कर दिया है।
इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री अजीत मांडण, डॉ. अपूर्वा सिंह, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सोशल मीडिया प्रभारी हीरेंद्र कौशिक और आईटी प्रभारी अविनाश जोशी उपस्थित रहे। प्रेस विज्ञप्ति भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग की ओर से जारी की गई।

