जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026' का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ हुआ। भारतीय जनता पार्टी के वैचारिक और संगठनात्मक कौशल विकास के इस सबसे बड़े कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और महाअभियान के राष्ट्रीय सह संयोजक एवं सांसद वीडी शर्मा ने जिला प्रभारियों तथा जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए संगठन की रीति-नीति और भविष्य की कार्ययोजना का खाका प्रस्तुत किया।

महाअभियान के राष्ट्रीय सह संयोजक सांसद वीडी शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भाजपा का प्रमुख वैचारिक कौशल विकास कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से राज्य स्तर तक के कार्यकर्ताओं को 'एकात्म मानववाद' और 'अंत्योदय' के सिद्धांतों में प्रशिक्षित करना इसका मूल लक्ष्य है। शर्मा ने जोर देकर कहा कि इस महाअभियान के माध्यम से पार्टी की कार्यपद्धति में निखार लाया जाएगा और डिजिटल माध्यमों के उपयोग से कार्यकर्ताओं को आधुनिक चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंडल, जिला और प्रदेश स्तरों पर आयोजित होने वाली इन कार्यशालाओं से कार्यकर्ताओं में सेवा और समर्पण की भावना सुदृढ़ होगी और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा।

प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रशिक्षण को 'तराशने की प्रक्रिया' की संज्ञा देते हुए कहा कि जो निरंतर सीखता है, वही प्रगति करता है और सीखना बंद करने का अर्थ है विकास की गति को रोक देना। राठौड़ ने संगठन निर्माण में व्यक्ति निर्माण की महत्ता को प्रतिपादित करते हुए घोषणा की कि प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत डिजिटल इंडिया के विजन के अनुरूप एक डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का भी शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का दर्शन भाजपा की कार्यसंस्कृति की आधारशिला है और यह प्रशिक्षण कार्यकर्ता के व्यक्तित्व को विचार, व्यवहार एवं नेतृत्व के स्तर पर समृद्ध कर संगठन में एकरूपता लाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को ऊर्जावान संदेश देते हुए कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण ही वह आधार है जो इसे अन्य राजनीतिक दलों से भिन्न बनाता है। मुख्यमंत्री ने 'राष्ट्र प्रथम, फिर पार्टी और अंत में स्वयं' के सिद्धांत को दोहराते हुए कहा कि आज विपक्ष का पंचायत से पार्लियामेंट तक सिमटना उनके संगठन में प्रशिक्षण और नीतियों के अभाव का ही परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की 2 साल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे ईआरसीपी, देवास योजना, यमुना जल समझौता, मेट्रो और रिंग रोड योजना को जन-जन तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में केवल घोटाले हुए, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने कड़े परिश्रम से प्रदेश की प्रतिव्यक्ति आय को 1 लाख 67 हजार से बढ़ाकर 2 लाख 5 हजार रुपये तक पहुँचाया है और 21.15% की विकास दर हासिल की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि संगठन की नजर प्रत्येक व्यक्ति के कार्य पर है और पार्टी निष्ठावान कार्यकर्ताओं को अवसर अवश्य प्रदान करेगी।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर मंच पर प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति मिर्धा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, भूपेंद्र सैनी, कैलाश मेघावल, प्रशिक्षण महाअभियान के प्रदेश संयोजक मिथिलेश गौतम, सह संयोजक मनीष पारीक, जगदीश धानदिया और महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी संतोष अहलावत सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story