जयपुर, 28 दिसंबर 2025। भाजपा सरकार के सुशासन के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिलों में आयोजित व्यापक कार्यक्रमों के कारण अस्थायी रूप से स्थगित की गई भाजपा प्रदेश कार्यालय की ‘कार्यकर्ता सुनवाई’ अब पुनः प्रारंभ होने जा रही है। सोमवार, 29 दिसंबर से यह सुनवाई फिर से नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, जिससे संगठन और सरकार के बीच कार्यकर्ताओं का सीधा संवाद बहाल होगा।

भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव मुकेश पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 दिसंबर, सोमवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में कार्यकर्ता सुनवाई आयोजित की जाएगी। इसके बाद यह सुनवाई पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सप्ताह में तीन दिन नियमित रूप से संचालित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश कार्यालय में सुनवाई भले ही अस्थायी रूप से स्थगित रही हो, लेकिन राज्य सरकार के मंत्रियों के आवास पर जनसुनवाई पूर्व की भांति निरंतर और सुचारू रूप से जारी रही है।

पारीक के अनुसार, सोमवार को होने वाली कार्यकर्ता सुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री जोराराम कुमावत और विजय चौधरी कार्यकर्ताओं की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को प्रत्यक्ष रूप से सुनेंगे। वहीं संगठनात्मक स्तर पर भाजपा प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह और नारायण मीणा भी इस सुनवाई में उपस्थित रहेंगे, ताकि संगठन और सरकार के बीच समन्वय को और अधिक सशक्त किया जा सके।

कार्यकर्ता सुनवाई का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की बात को सीधे शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाना है, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके। पार्टी के अनुसार, यह पहल न केवल संगठनात्मक मजबूती का माध्यम है, बल्कि सुशासन के संकल्प को व्यवहारिक धरातल पर उतारने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। पुनः प्रारंभ हो रही यह सुनवाई भाजपा के उस प्रयास को रेखांकित करती है, जिसमें कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ मानते हुए उनकी सहभागिता और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story