पीएम मोदी के स्वास्थ्य के लिए राजस्थान के मंदिरों में होगी विशेष पूजा
भाजपा के 12 वर्षों के राष्ट्र सेवा कार्यक्रमों के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और वरिष्ठ नेता राज्यभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर करेंगे महापूजा।

राजस्थान में 10 जून को एक विशेष धार्मिक और राजनीतिक आयोजन के तहत राज्यभर के प्रमुख मंदिरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना को लेकर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इस कार्यक्रम की जानकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने दी।
जयपुर सहित पूरे प्रदेश में होने वाले इस आयोजन के तहत राजधानी जयपुर के प्रमुख मंदिरों को विशेष रूप से पूजा के केंद्र के रूप में चुना गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ झारखण्ड महादेव मंदिर में और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मोती डूंगरी गणेश मंदिर में प्रातः 8 बजे पूजा-अर्चना करेंगे।
इस अवसर पर झारखण्ड महादेव मंदिर, मोती डूंगरी गणेश मंदिर और गोविंद देव जी मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि एक साथ पूजा-अर्चना में भाग लेंगे। संगठन महामंत्री अजेय कुमार गोविंद देव जी मंदिर में पूजा करेंगे।
प्रदेश महामंत्री ने बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की राष्ट्र सेवा और विकास कार्यों को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में पार्टी पदाधिकारी, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों में पहुंचकर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करेंगे।
इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रमुख नेताओं की उपस्थिति भी मंदिरों में दर्ज रहेगी, जिनमें राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अलका गुर्जर, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित अनेक वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।
भाजपा की ओर से बताया गया कि यह श्रृंखला 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण अभियान से शुरू हुई थी और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक विभिन्न जनसंपर्क एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के रूप में जारी रहेगी। इस दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का भी अभियान चलाया जा रहा है।
राज्यभर में होने वाला यह धार्मिक-सामाजिक आयोजन न केवल राजनीतिक गतिविधियों का हिस्सा है, बल्कि इसे पार्टी द्वारा अपने 12 वर्षों के शासनकाल की उपलब्धियों के जनसंपर्क अभियान के रूप में भी देखा जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
