भाजपा की ‘सेवा ज्योति यात्रा’ 7 अक्टूबर को, नितिन नवीन और पीएम मोदी का वर्चुअल संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर राजस्थान के प्रत्येक जिला केंद्र पर सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी राजस्थान की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित सेवा ज्योति यात्रा के संदर्भ में।
जयपुर, 6 अक्टूबर 2026। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान की ओर से 7 अक्टूबर को प्रदेश के प्रत्येक जिला केंद्र पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राजधानी जयपुर में सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के मानसरोवर स्थित वीटी रोड, शिप्रापथ थाने के सामने सुबह 9 बजे से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन सहभागिता करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल उद्बोधन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर जनता और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। इसके बाद सेवा की भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रतीक के रूप में ‘मशाल’ प्रज्ज्वलित की जाएगी।
मदन राठौड़ ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में विशेष महत्व रखता है। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 7 अक्टूबर 2026 को उनके शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धि पूर्ण हो रही है।
राठौड़ ने कहा कि इस अवसर पर भाजपा राजस्थान द्वारा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ आमजन से संवाद करेंगे। प्रत्येक बूथ से भाजपा कार्यकर्ता जनता के साथ संवाद करते हुए जिला केंद्र तक पहुंचेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ इसी सेवा और समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प है। प्रदेश के सभी जिला केंद्रों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस अभियान को सफल बनाएंगे।

