भाजपा ने जारी किया ग्राम विकास संकल्प पत्र, गांवों में मिलेंगी शहरी सुविधाएं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पंचायतीराज चुनाव से पहले ग्राम विकास संकल्प पत्र का किया विमोचन, गांवों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं।

जयपुर में सीएम भजनलाल शर्मा ने पंचायतीराज चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया।
जयपुर, 11 अक्टूबर 2026। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव को लेकर भाजपा ने ग्राम विकास को केंद्र में रखते हुए अपना संकल्प पत्र जारी किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश मुख्यालय में नवनिर्मित सेवा संकल्प सभागार का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम विकास संकल्प पत्र के माध्यम से गांवों को सशक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और मां दुर्गा से प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी विकास का संकल्प पत्र लेकर जनता के बीच चुनाव में जाती है। विधानसभा चुनाव से पहले भी पार्टी ने संकल्प पत्र जारी किया था। इसी तरह निकाय चुनाव से पहले भी संकल्प पत्र जारी किया गया। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका चुनाव के बाद निकायों में 100 दिन के विकास कार्यों का रोडमैप तैयार किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई गई है। योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास का रोडमैप इस उद्देश्य से तैयार किया गया है कि गांवों में शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों और ग्रामीणों को शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़े। इसके लिए ग्राम सभाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों को गांवों के विकास और स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े सुझाव ग्राम सभाओं के माध्यम से देने चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी बजट तैयार करने से पहले किसानों, पशुपालकों, युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को बुलाकर उनके सुझाव लेती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और सब सेंटर की आवश्यकताओं का ध्यान रखा गया है। युवाओं को खेल के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ग्राम पंचायतों में खेल मैदान बनाए जाएंगे, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले और वे राजस्थान का नाम रोशन कर सकें। अच्छी शिक्षा और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ई-लाइब्रेरी तथा ई-मित्र सुविधा से युक्त अटल ज्ञान केंद्र खोले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 3 हजार अटल ज्ञान केंद्र बनाने की घोषणा की गई थी, जिनमें से अब तक 650 केंद्र बनकर तैयार हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को चार महत्वपूर्ण जल परियोजनाएं मिली हैं। इन परियोजनाओं से किसानों सहित बड़ी ग्रामीण आबादी को लाभ मिलेगा। राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देशीय परियोजना से प्रदेश में जलापूर्ति की सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि पहले देश में रही सरकारों ने गांवों, निकायों के विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं पर ध्यान नहीं दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान और वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इन अभियानों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल स्तर सुधारने का काम किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं और नमो नर्सरी विकसित की जा रही हैं। वहीं, वोकल फॉर लोकल के तहत स्थानीय उद्योगों और उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
किसानों और जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को 9 हजार रुपये की सम्मान निधि दी जा रही है, जिसे बढ़ाकर 12,000 रुपये तक किया जाएगा। घुमंतु और अर्धघुमंतु वर्ग के लोगों को आवासीय पट्टे दिए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जरूरतमंदों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। प्रदेश में 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा योजना से 1 करोड़ लोगों को जोड़ा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों की सहायता के लिए मोबाइल वेटरनरी वेन भी चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पष्ट विकास दृष्टि के साथ ‘विकसित गांव-समृद्ध राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने के लिए ग्राम विकास संकल्प पत्र तैयार किया गया है। इसके माध्यम से गांवों को विकसित बनाने, ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार करने और शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि विकसित गांव ही विकसित भारत का आधार हैं। ग्राम विकास संकल्प पत्र गांवों की आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में वन स्टेट-वन इलेक्शन का सफल क्रियान्वयन हो रहा है। इससे बार-बार चुनाव कराने पर होने वाला खर्च कम होगा और जनप्रतिनिधि पांच वर्ष तक निरंतर विकास कार्य कर सकेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, सह प्रदेश प्रभारी कुलदीप सिंह चहल, कविता पाटीदार सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्राम विकास संकल्प पत्र के जरिए भाजपा ने पंचायतीराज चुनाव में ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलापूर्ति, पर्यावरण संरक्षण, किसान कल्याण और युवाओं के अवसरों को विकास के प्रमुख मुद्दों के रूप में सामने रखा।

