भाजपा ने राजस्थान से राज्यसभा प्रत्याशी पूनिया और गुर्जर का कराया मुंह मीठा
नामांकन से पहले जयपुर भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उम्मीदवारों को बधाई दी।

जयपुर भाजपा कार्यालय में राज्यसभा नामांकन से पहले (बाएं से दाएं) अलका गुर्जर, मदन दिलावर, मदन राठौड़, भजनलाल शर्मा और अजेय कुमार प्रत्याशी का मुंह मीठा कराते हुए।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में राज्यसभा प्रत्याशी डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर के नामांकन से पहले संगठनात्मक उत्साह का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दोनों प्रत्याशियों का मुंह मीठा करवाकर अग्रिम शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरूण चतुर्वेदी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, नाहर सिंह जोधा, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, डॉ. मिथिलेश गौतम, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, सांसद मंजू शर्मा तथा लुंबाराम चौधरी सहित प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने प्रत्याशियों का मुंह मीठा करवाकर स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस अवसर पर कहा कि “भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित होकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने तथा आमजन की सेवा के लिए समर्पित है।” उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जनसेवक के रूप में समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्यसभा के दोनों प्रत्याशी सदन में राजस्थान एवं देश के हितों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।
यह आयोजन भाजपा संगठन की एकजुटता, नेतृत्व विश्वास और राजनीतिक संकल्प को दर्शाता है, जिसमें राज्यसभा प्रत्याशियों को संगठनात्मक समर्थन और शुभकामनाओं के साथ आगे की जिम्मेदारी हेतु प्रोत्साहित किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
