जयपुर, 24 मई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के एक ऐतिहासिक स्वर्णिम युग के रूप में इतिहास में दर्ज हो गया है। इन 12 वर्षों में मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इस गौरवशाली यात्रा की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में एक व्यापक जनसंपर्क अभियान का आगाज करने जा रही है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने इस अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के स्पष्ट निर्देशानुसार, 5 जून से 21 जून 2026 तक प्रदेशभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वृहद अभियान का मुख्य ध्येय केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास कार्यों एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।

अभियान के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रत्येक मंडल स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित होगा, जिसमें “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। इसके उपरांत, 8 से 12 जून तक मीडिया संवाद, 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान, 12 से 20 जून तक जन कल्याण शिविरों का संचालन और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में भाजपा के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि तथा संगठन के पदाधिकारी बूथ स्तर तक जाकर आमजन से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। साथ ही, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी। जनकल्याण शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि एवं लखपति दीदी जैसी प्रमुख योजनाओं के पंजीकरण पर विशेष बल दिया जाएगा।

भाजपा की मोदी सरकार ने बीते 12 वर्षों में डिजिटल इंडिया, सामाजिक सुरक्षा एवं वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्रों में भारत को नई ऊंचाई प्रदान की है। इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रदेश स्तर पर एक समन्वय समिति का गठन किया गया है। इसमें प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी को प्रदेश संयोजक का दायित्व सौंपा गया है, जबकि प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, अपूर्वा सिंह, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाना, पूर्व महापौर ज्योति खण्डेलवाल और भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशीष चौपड़ा को सह-संयोजक बनाया गया है। प्रत्येक जिला स्तर पर भी विशेष टोलियों का गठन कर इस अभियान को गति प्रदान की जाएगी। भाजपा कार्यकर्ता सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Next Story