भाजपा राजस्थान में चलाएगी 12 साल विश्वास के विकास के अभियान
मदन राठौड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ रणनीति, 5 से 21 जून तक चलने वाले इस जनसंपर्क अभियान में केंद्रीय योजनाओं के पंजीकरण पर रहेगा मुख्य ध्यान।

जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में 'बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण अभियान' की रूपरेखा तैयार करने के लिए आयोजित सांगठनिक बैठक में चर्चा करते प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और अन्य पार्टी पदाधिकारी।
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के स्वर्णिम व ऐतिहासिक काल के रूप में रेखांकित करते हुए भारतीय जनता पार्टी राजस्थान में एक बड़े राजनीतिक अभियान का शंखनाद करने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में 'बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण' अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं इस अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के दिशा-निर्देशानुसार आगामी 5 जून से 21 जून 2026 तक संपूर्ण राजस्थान में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर मोदी सरकार की अभूतपूर्व उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत समाज के प्रत्येक वर्ग को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
अभियान की रणनीतिक शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर होगी, जिसके तहत मंडल स्तर तक सघन वृक्षारोपण किया जाएगा। इसी कड़ी में 5 जून को प्रात: 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात, 8 से 9 जून तक राष्ट्रीय स्तर पर और 11 से 12 जून तक प्रदेश स्तर पर व्यापक मीडिया संवाद आयोजित होंगे। 8 से 14 जून तक जिला स्तर पर विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जबकि 12 से 20 जून तक उपखण्ड स्तर पर लोक-कल्याणकारी जन कल्याण शिविरों का आयोजन होगा। इसी अवधि में, यानी 13 से 20 जून तक, विभिन्न सभागार बैठकें, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां और जिला स्तर पर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। अभियान का भव्य समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला एवं मंडल स्तर तक योग कार्यक्रमों के आयोजन के साथ होगा। इस दौरान भाजपा के समस्त सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी गांव-गांव और बूथ स्तर पर जाकर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने विशेष रूप से स्पष्ट किया कि इस अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले उपखण्ड स्तरीय जन कल्याण शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाएगा। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि और लखपति दीदी जैसी अत्यंत महत्वाकांक्षी योजनाओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। सैनी ने कहा कि मोदी सरकार ने विगत 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिससे देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। इस पूरे महाभियान के सुचारू और सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तर पर एक उच्च स्तरीय समन्वय समिति का गठन किया गया है, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों की निरंतर मॉनिटरिंग के लिए भाजपा के विभागों, मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है। इस महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, छगन माहुर, अभियान के सह संयोजक नारायण मीणा, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, प्रदेश आईटी प्रभारी अविनाश जोशी, सोशल मीडिया प्रभारी हीरेंद्र कोशिक और आशीष चौपड़ा सहित अभियान से जुड़े सभी प्रमुख पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। यह अभियान भाजपा कार्यकर्ताओं की राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ एक जन आंदोलन का रूप लेगा, जो प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
