स्मार्ट मीटर पर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, गहलोत सरकार के फैसले पर आज विरोध क्यों: पंकज मीणा
स्मार्ट मीटर को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। बूंदी की प्रेसवार्ता में पंकज मीणा और लक्ष्मीकांत पारीक ने कई अहम दावे किए।

बूंदी भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मीडिया के माइक के सामने वक्तव्य देते भाजपा नेता लक्ष्मीकांत पारीक (केंद्र में), पंकज मीणा (बाएं) और अन्य पार्टी कार्यकर्ता।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत पारीक और पंकज मीणा ने स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस द्वारा फैलाई जा रही भ्रांतियों को लेकर बूंदी भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। दोनों नेताओं ने कहा कि कांग्रेस किसानों और आमजन के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, जबकि स्मार्ट मीटर लागू करने का निर्णय उसके अपने शासनकाल में लिया गया था।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मीणा ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस का अभियान पूरी तरह राजनीतिक रूप से प्रेरित है और इसका उद्देश्य जनता को गुमराह करना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में स्मार्ट मीटर लागू करने का निर्णय कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही लिया गया था। यदि कांग्रेस को इस योजना पर आपत्ति थी तो उस समय उसके नेताओं को इसका विरोध करना चाहिए था, न कि आज जनता को भ्रमित करने के लिए प्रदर्शन करना चाहिए।
पंकज मीणा ने हिण्डोली में कांग्रेस के प्रदर्शन को जनता के हितों का आंदोलन मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की आंतरिक प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व की लड़ाई का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता केवल अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को साधने और स्वयं को बड़े क्षेत्रीय नेता के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार बिजली और पानी के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उनके अनुसार राजस्थान सरप्लस बिजली उत्पादन वाला राज्य बन गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के 26 किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है और वर्ष 2027 तक प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत पारीक ने कांग्रेस नेता अशोक चांदना द्वारा मुख्यमंत्री के संबंध में की गई अभद्र टिप्पणी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस की हताशा और निराशा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा किसी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती। पारीक ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार पूर्वी राजस्थान तक यमुना जल पहुंचाने सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत संरचना, सिंचाई, पेयजल और जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्य गति से आगे बढ़ रहे हैं। उनके अनुसार प्रदेश में हो रहे विकास और जनता के बढ़ते विश्वास से कांग्रेस विचलित है और इसी कारण वह तथ्यहीन आरोपों तथा भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।
लक्ष्मीकांत पारीक ने कहा कि अशोक चांदना सचिन पायलट का विकल्प बनने का प्रयास कर रहे हैं और वे गुर्जरों में बड़ा नेता बनने की कल्पना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कल्पना वही करता है जिसका मानसिक संतुलन खराब हो, ऐसे में मानसिक संतुलन ठीक करने के लिए चांदना को अच्छे चिकित्सक से इलाज करवाना चाहिए। पारीक ने विपक्ष द्वारा स्मार्ट मीटर सहित अन्य विषयों पर फैलाई जा रही अफवाहों और भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों, गरीबों और आमजन के हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा पारदर्शिता, सुशासन और विकास के मार्ग पर निरंतर कार्य कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
