भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय विस्तार कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ‘चुनावी रणनीति एवं संगठन’ विषय पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए स्पष्ट दायित्व, बेहतर फीडबैक, प्रभावी मॉनिटरिंग और लगातार प्रवास को जरूरी बताते हुए बदलते समय के साथ तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।

बैठक में मदन राठौड़ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश एवं सौदान सिंह सहित राष्ट्रीय पदाधिकारी, सभी प्रांतों के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री संगठन, प्रभारी एवं सह प्रभारी उपस्थित रहे।

मदन राठौड़ ने अपने प्रस्तुतीकरण में संगठन की मूल शक्ति को रेखांकित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही हमारी पूंजी है और संगठन ही हमारी ताकत है। इसलिए संगठन को निरंतर मजबूत करना और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए समर्पित कार्यकर्ता की भावना संगठन को सुचारू, प्रभावी और परिणामदायी बनाती है।

उन्होंने कहा कि संगठन में प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियां स्पष्ट होनी चाहिए और दायित्व के साथ उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ताओं और जनता के बीच निरंतर संवाद में है। इसलिए बेहतर फीडबैक व्यवस्था, लगातार प्रवास और जमीनी स्तर से मिलने वाले सुझावों को संगठनात्मक निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनाना आवश्यक है।



प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आमजन से मिलने वाले सुझाव और उनकी अपेक्षाएं संगठन के लिए महत्वपूर्ण फीडबैक हैं। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार रहकर उनकी समस्याओं और सुझावों को समझना चाहिए तथा उन्हें संगठन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनना चाहिए, ताकि शासन के स्तर पर आवश्यक समाधान हो सकें।

उन्होंने कहा कि समय बदल रहा है, इसलिए कार्यशैली और रणनीति में भी समयानुकूल बदलाव होना चाहिए। तकनीक के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना आवश्यक है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों का सकारात्मक और प्रभावी उपयोग संगठन को अधिक सक्षम बनाने में किया जा सकता है। इसी प्रकार सोशल मीडिया के दौर में संगठन के विचार, गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने के लिए स्पष्ट रणनीति विकसित करनी होगी।

मदन राठौड़ ने कहा कि आने वाली पीढ़ी की अपेक्षाओं और सोच को समझना भी संगठन की जिम्मेदारी है। युवाओं की आकांक्षाओं को समझकर उन्हें संगठन में पर्याप्त अवसर और जिम्मेदारियां देनी होंगी। उन्होंने कहा कि संगठन में वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण पूंजी है, वहीं युवाओं की ऊर्जा और नई सोच संगठन को नई गति प्रदान करती है। अनुभव और युवा शक्ति का समन्वय संगठन को अधिक मजबूत और गतिशील बनाएगा।

उन्होंने सामाजिक समावेश पर जोर देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को संगठन से जोड़ना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना कार्यपद्धति का हिस्सा होना चाहिए। संगठन तभी व्यापक बनता है, जब उसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता और प्रतिनिधित्व दिखाई देता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी समय-समय पर कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और योग्यता के अनुरूप उन्हें जिम्मेदारियां देती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को मिले दायित्व को पूरी निष्ठा, क्षमता और समर्पण के साथ निभाना चाहिए। दायित्व पद नहीं, बल्कि संगठन के प्रति सेवा और जिम्मेदारी का अवसर है।

उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को यह भाव हमेशा अपने भीतर रखना चाहिए कि संगठन है तो हम सब हैं। इसी भावना के साथ निरंतर संवाद, सक्रिय कार्यकर्ता, स्पष्ट जिम्मेदारियां, मजबूत फीडबैक व्यवस्था, तकनीक का सदुपयोग और जनता से सीधा जुड़ाव भाजपा संगठन को और अधिक प्रभावी बनाएगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story