जयपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया कोटा दौरे ने प्रदेश की राजनीति में एक नए विवाद को जन्म दे दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने इस दौरे को युवाओं की संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ करार देते हुए इसे एक 'कॉमेडी सर्कस' और 'फ्लॉप शो' की संज्ञा दी है। राठौड़ ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि नीट परीक्षा के नाम पर हो रहा यह आयोजन विद्यार्थियों के प्रति संवेदना जताने के बजाय भ्रम फैलाने का एक राजनीतिक दिखावा मात्र है।

राठौड़ ने कार्यक्रम की गंभीरता पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार देखा जा रहा है कि दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि देने के मंच पर पॉप सिंगर्स से गाने और परफॉर्मेंस करवाई जा रही है। उन्होंने इसे अत्यंत शर्मनाक बताते हुए कहा कि श्रद्धांजलि जैसे संवेदनशील विषय को मनोरंजन का स्वरूप देना कांग्रेस की संवेदनहीनता को दर्शाता है। भाजपा नेता के अनुसार, कांग्रेस नीट परीक्षा से महज 72 घंटे पहले कोटा आकर केवल युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल को घेरते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में राजस्थान में एक के बाद एक 19 पेपर लीक हुए थे, जिससे कई होनहार विद्यार्थियों ने अवसाद में आकर अपनी जान गंवा दी। उस समय न तो राहुल गांधी को राजस्थान के युवाओं की पीड़ा याद आई और न ही उन्होंने कोई संवेदना व्यक्त की। राठौड़ ने राहुल गांधी के मंच पर अशोक गहलोत और सचिन पायलट की मौजूदगी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने राहुल गांधी को याद दिलाया कि उन्हें मंच से सचिन पायलट से यह पूछना चाहिए कि उन्होंने अपनी जनसंघर्ष यात्रा के दौरान युवाओं को न्याय दिलाने और पेपर लीक मामलों पर कार्रवाई का जो वादा किया था, उसका क्या हुआ।

अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ पूरी तरह बंद हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक 45 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। राठौड़ ने जोर देकर कहा कि आज राजस्थान में 'न पर्ची चलती है, न खर्ची', केवल योग्यता को सम्मान दिया जा रहा है और अब तक पारदर्शी तरीके से सवा लाख युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

Next Story