राज्य में सक्रिय गैंगस्टरों और हार्डकोर अपराधियों के आर्थिक साम्राज्य को ध्वस्त करने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्य एवं फरार हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर हरिओम रामावत की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के कड़े रुख और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री वी.के. सिंह के सतत सुपरविजन में थाना गंगाशहर क्षेत्र में की गई।

बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश के अनुसार आरोपी हरिओम रामावत थाना गंगाशहर का चिन्हित हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है, जो लंबे समय से कुख्यात रोहित गोदारा गैंग से जुड़कर क्षेत्र में रंगदारी, दहशत और संगठित अपराध का नेटवर्क संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, सरेआम फायरिंग तथा व्यापारियों को धमकी देकर जबरन वसूली करने सहित करीब 20 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से फरार है और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

पुलिस ने फरार होने के बावजूद आरोपी के आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करने के उद्देश्य से उसकी अवैध रूप से खड़ी की गई संपत्तियों को निशाना बनाया। शुक्रवार को ध्वस्तीकरण और जब्ती की इस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण, पारदर्शी और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।

इस कार्रवाई के माध्यम से राजस्थान पुलिस और बीकानेर जिला प्रशासन ने अपराधियों, हार्डकोर गैंगस्टरों और उनके स्लीपर सेल्स को स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध के जरिए बनाई गई किसी भी अवैध संपत्ति या आर्थिक साम्राज्य को टिकने नहीं दिया जाएगा। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी और जमीनी स्तर पर टीमें लगातार दबिश दे रही हैं तथा आने वाले दिनों में अपराधियों की मदद करने वाले तत्वों के खिलाफ भी इसी प्रकार के सख्त वित्तीय और कानूनी एक्शन जारी रहेंगे।

Next Story