बीकानेर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नशे के काले कारोबार से अर्जित धन से सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा कर खड़ा किए गए अवैध निर्माण को प्रशासन ने पूरी तरह जमींदोज कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों की पालना में बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई।

मामले के अनुसार, भुट्टों का बास निवासी कुख्यात ड्रग तस्कर जग्गू उर्फ मोहम्मद शकील उर्फ रोनक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी से कमाई गई राशि से सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण करते हुए एक दुकान और पक्के निर्माण का ढांचा खड़ा कर लिया था। इस अवैध कब्जे को चिन्हित करने के बाद सदर थाना पुलिस, बीकानेर विकास प्राधिकरण और राजस्व विभाग की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और सहायक पुलिस अधीक्षक अनुष्ठा कालिया के सुपरविजन में सदर थानाधिकारी सुरेन्द्र पचार के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ते के साथ पहुंची टीम ने क्रेन और अन्य मशीनों की मदद से इस अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

इस सख्त कार्रवाई के माध्यम से बीकानेर पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि मादक पदार्थों के व्यापार से अर्जित धन और उसके दम पर बनाए गए आपराधिक नेटवर्क को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए प्रशासन की ओर से की गई यह कार्रवाई जिले के अन्य भू-माफियाओं और तस्करों के लिए एक कड़ा संदेश है। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अपराधियों के विरुद्ध कानून सम्मत ऐसी सख्त कार्रवाई का क्रम आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story