उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने परिचालन दक्षता के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 27 सितंबर 2026 को एक दिन में सर्वाधिक 182 ट्रेनों का इंटरचेंज दर्ज किया। इस दौरान 96 ट्रेनों को टेकओवर तथा 86 ट्रेनों को हैंडओवर किया गया।

बीकानेर मंडल का इससे पहले एक दिन में सर्वाधिक इंटरचेंज 179 ट्रेनों का था, जो 5 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया था। 27 सितंबर को 182 ट्रेनों का इंटरचेंज दर्ज कर मंडल ने अपने पिछले रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया।

यह उपलब्धि मंडल के परिचालन विभाग द्वारा किए जा रहे बेहतर समन्वय, कार्यकुशलता और प्रभावी परिचालन प्रबंधन का परिणाम है। रिकॉर्ड इंटरचेंज से मालगाड़ियों के सुचारु और समयबद्ध संचालन को गति मिली है।

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा परिचालन कार्यों में निरंतर सुधार और बेहतर समन्वय के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे माल परिवहन को अधिक दक्ष, सुचारु और प्रभावी बनाया जा सके। बीकानेर मंडल का नया इंटरचेंज रिकॉर्ड इसी दिशा में किए जा रहे परिचालन प्रयासों को दर्शाता है।

Next Story