यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने भुज-दिल्ली-भुज एक्सप्रेस के रूप में एक नई प्रतिदिन रेलसेवा का संचालन प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। यह नई सेवा वाया भीलड़ी-जालोर मार्ग पर संचालित होगी, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली तक का सीधा और सुविधाजनक संपर्क प्राप्त होगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 19403, भुज-दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा दिनांक 23 मई 2026 से भुज से प्रातः 11:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 19404, दिल्ली-भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा दिनांक 24 मई 2026 से दिल्ली से सायं 16:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 19:35 बजे भुज पहुंचेगी। यह महत्वपूर्ण रेल सेवा अपने मार्ग में अंजार, गांधीधाम, बचाउ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर व रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे इन सभी स्टेशनों के यात्रियों को भी इस सेवा का लाभ मिलेगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए इस रेल सेवा में कुल 18 एलएचबी कोच की आधुनिक संरचना उपलब्ध कराई गई है। इसमें 01 सेकंड एसी, 03 थर्ड एसी, 08 द्वितीय शयनयान, 04 द्वितीय साधारण श्रेणी, 01 पावर कार एवं 01 गार्ड डिब्बे को सम्मिलित किया गया है। भुज से दिल्ली के बीच इस नई प्रतिदिन रेलसेवा की शुरुआत से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि अंतरराज्यीय व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी, जो क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Next Story