भीलवाड़ा में आम नागरिकों को कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत हुई है। 16 अगस्त 2026 को सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने भीलवाड़ा सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डार लि. द्वारा संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केन्द्र, सेवा सदन रोड, भीलवाड़ा का विधिवत उद्घाटन किया।

इस केन्द्र के शुरू होने से आमजन को बाजार मूल्य से 50 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत तक कम दाम पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी। केन्द्र पर लगभग 2000 प्रकार की दवाइयां और सर्जिकल आइटम उपलब्ध रहेंगे।

शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने उदाहरण देते हुए बताया कि बाजार में Cap Pantoprazole +domperidone की 15 टैबलेट की खुदरा कीमत 252.19 रुपये है, जबकि प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र पर यही दवा मात्र 20 रुपये में उपलब्ध होगी।

उद्घाटन कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के संयुक्त शासन सचिव श्री प्रहलाद सहाय नागा, कॉनफैड के प्रबंध संचालक श्री राजेन्द्र सिंह, महात्मा गांधी चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ तथा डॉ. सजीव कुमार सहित वरिष्ठ फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।

शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने जानकारी दी कि कॉनफैड एवं जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डार के माध्यम से अब तक राज्य के 14 जिलों में तथा ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से 26 जनऔषधि केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। इस प्रकार आमजन की सुविधा के लिए कुल 40 प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र प्रारम्भ किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि आमजन को सस्ती दवाइयां आसानी से सुलभ कराने के लिए सहकारिता विभाग ने 50 और नए प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केन्द्र प्रारम्भ करने का लक्ष्य रखा है। भीलवाड़ा में शुरू हुआ यह केन्द्र इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story