भीलवाड़ा में सीआईडी और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
संगम पुलिया के पास पुर थाना पुलिस और CID की संयुक्त टीम ने 1.445 किलो अफीम जब्त कर आरोपी धर्मराज जाट को एनडीपीएस एक्ट में पकड़ा।

तस्वीर में अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार युवक धर्मराज जाट खड़ा दिख रहा है।
जयपुर। राजस्थान पुलिस की सीआईडी (क्राइम ब्रांच) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भीलवाड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.445 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई चित्तौड़गढ़ हाईवे पर संगम पुलिया के पास पुर थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से की गई।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस की सीआईडी (क्राइम ब्रांच) पुलिस मुख्यालय की टीम कुख्यात बदमाशों, इनामी अपराधियों एवं मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान चला रही है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) श्री बिपिन कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में सीआईडी (सीबी) की स्पेशल टीम ने भीलवाड़ा जिला पुलिस के साथ सटीक समन्वय स्थापित कर यह संयुक्त कार्रवाई की।
महानिरीक्षक पुलिस (अपराध) श्रीमती के. बी. वंदना के मार्गदर्शन, उप महानिरीक्षक पुलिस (अपराध) श्रीमती राशि डोगरा डूडी के सुपरविजन तथा उप-निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में सीआईडी सीबी की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में सहायक उप-निरीक्षक शंकर दयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल रवींद्र सिंह और कांस्टेबल नरेश कुमार शामिल थे।
सूचना संकलन के दौरान टीम को मुखबिर से सटीक इनपुट मिला कि चित्तौड़गढ़ हाईवे पर भीलवाड़ा के संगम पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक अवैध मादक पदार्थ की खेप के साथ खड़ा है। सीआईडी टीम ने सूचना का तत्काल सत्यापन किया। संबंधित इलाका पुर थाना क्षेत्र, भीलवाड़ा का होने की पुष्टि होने पर थानाधिकारी कन्हैयालाल को सूचना दी गई।
इसके बाद सीआईडी सीबी और पुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को निरूद्ध किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.445 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धर्मराज पुत्र रामेश्वर जाट, उम्र 20 वर्ष, निवासी बड़ी हरणी, पुलिस थाना कोतवाली, जिला भीलवाड़ा बताया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अफीम की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुर थाना पुलिस अब मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में अनुसंधान कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
सम्पूर्ण कार्रवाई में एएसआई शंकर दयाल शर्मा, हैड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह और कांस्टेबल नरेश कुमार की विशेष एवं तकनीकी भूमिका रही। उप निरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा का कुशल नेतृत्व रहा। थानाधिकारी पुलिस थाना पुर कन्हैया लाल मय टीम का भी सराहनीय योगदान रहा।

