भावनगर-शकूरबस्ती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 29 मई से चलेगी, यात्रियों को मिलेगी राहत
गुजरात, राजस्थान और दिल्ली के यात्रियों के लिए रेलवे 5 ट्रिप के लिए विशेष ट्रेन चलाएगा, चांदखेड़ा स्टेशन के समय में संशोधन।

ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त मांग को देखते हुए रेलवे ने भावनगर टर्मिनस से शकूरबस्ती के बीच साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष रेलसेवा के संचालन से गुजरात, राजस्थान और दिल्ली मार्ग के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे प्रशासन ने इस रेलसेवा के संचालन समय में चांदखेड़ा स्टेशन पर संशोधन भी किया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09257, भावनगर टर्मिनस-शकूरबस्ती साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन 29 मई 2026 से 26 जून 2026 तक कुल 5 ट्रिप के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को भावनगर टर्मिनस से दोपहर 14.20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10.55 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09258, शकूरबस्ती-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन 30 मई 2026 से 27 जून 2026 तक कुल 5 ट्रिप के लिए किया जाएगा। यह रेलसेवा प्रत्येक शनिवार को शकूरबस्ती से 13.15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 08.50 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में भावनगर परा, सिहोर गुजरात, धोला, बोटाड, धंधुका, धोलका, सरखेज, गांधीग्राम, चांदखेडा रोड, महेसाना, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल, रेवाड़ी, गुड़गांव और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इस विशेष रेलसेवा में यात्रियों की सुविधा के लिए 2 सेकण्ड एसी, 4 थर्ड एसी, 3 थर्ड एसी इकोनोमी, 7 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी, 1 पावरकार और 1 गार्ड डिब्बे सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त रेलसेवा के चांदखेड़ा स्टेशन पर संचालन समय में संशोधन किया गया है। ग्रीष्मावकाश के दौरान शुरू की गई यह विशेष रेलसेवा लंबी दूरी के यात्रियों को राहत देने के साथ-साथ पश्चिम भारत और दिल्ली के बीच रेल यातायात को भी सुगम बनाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
