भावनगर-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 12 अप्रैल से, देखें रूट और समय
उत्तर पश्चिम रेलवे ग्रीष्मकालीन अवकाश में यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए 8 ट्रिप वाली विशेष रेलसेवा का संचालन करेगा।

आगामी ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और यातायात के दबाव को कम करने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार-भावनगर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने इस विशेष रेलसेवा की आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि गाडी संख्या 09271, भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा आगामी 12 अप्रैल 2026 से 31 मई 2026 तक कुल 8 ट्रिप के लिए संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को भावनगर टर्मिनस से तड़के 04.25 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सोमवार को दोपहर 15.00 बजे हरिद्वार पहुॅचेगी। वापसी दिशा में, गाडी संख्या 09272, हरिद्वार-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा दिनांक 13 अप्रैल 2026 से 01 जून 2026 तक 8 ट्रिप के लिए प्रत्येक सोमवार को हरिद्वार से शाम 16.25 बजे रवाना होगी, जो मंगलवार तड़के 04.35 बजे भावनगर टर्मिनस पहुॅचेगी।
यह विशेष रेलसेवा अपने निर्धारित मार्ग में सिहोर गुजरात, धोला, बोटाड, सुरेन्द्रनर गेट, विरमगाम, आम्बली रोड, गांधीनगर कैपिटल, महेसाना, पालनपुर, आबूरोड, पिंडवाडा, फालना, मारवाड जं, पाली, मारवाड, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेडता रोड, डेगाना, छोटी खाटू, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ, रतनगढ, चूरू, सादुलपुर, सिवानी, हिसार, हांसी, भिवानी, कलानौर कलां, रोहतक, पानीपत, अम्बाला कैंट, सहारनपुर एवं रूडकी जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव करेगी। यात्रियों की सुविधा हेतु इस गाडी में कुल 22 डिब्बों का समावेश किया गया है, जिसमें 02 सैकण्ड एसी, 06 थर्ड एसी, 08 द्वितीय शयनयान, 04 द्वितीय साधारण श्रेणी एवं 02 पॉवरकार डिब्बे शामिल होंगे।
इसी बीच, बीकानेर मण्डल के दुधवाखारा एवं सादुलपुर स्टेशनों के मध्य तकनीकी कार्य हेतु लिए जाने वाले ब्लॉक के कारण इस रेलसेवा के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन भी किया गया है। निर्धारित योजना के अनुसार, गाडी संख्या 09271 जो दिनांक 19.04.26 व 26.04.26 को भावनगर टर्मिनस से प्रस्थान करेगी, वह अपने नियमित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग वाया डेगाना-फुलेरा-रींगस-नारनौल-रेवाडी-भिवानी होकर संचालित की जाएगी। मार्ग परिवर्तन के दौरान यह ट्रेन मकराना, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल व रेवाडी स्टेशनों पर भी रुकेगी। इसी प्रकार, गाडी संख्या 09272 जो दिनांक 20.04.26 व 27.04.26 को हरिद्वार से रवाना होगी, वह भी परिवर्तित मार्ग वाया भिवानी-रेवाडी-नारनौल-रींगस-फुलेरा-डेगाना के रास्ते चलेगी तथा मार्ग में रेवाडी, नारनौल, नीमकाथाना, रींगस, फुलेरा एवं मकराना स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे का यह कदम अवकाश के दौरान सुगम यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
