जयपुर में 108 श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का भोजन प्रसादी के साथ समापन
भाटिया भवन परिसर में हवन कुंडों में आहुतियों के बाद आयोजित विशाल भंडारे में करीब पांच हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

जयपुर के भाटिया भवन परिसर में आयोजित 108 श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी परोसते स्वयंसेवक।
श्री भाटिया बिरादरी प्रबंध समिति के तत्वावधान में आयोजित 108 श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का समापन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुआ। पूर्णाहुति के अवसर पर सुबह से ही भाटिया भवन परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ और पूजन में शामिल हुए।
प्रातः 8 बजे 11 हवन कुंडों में पंडित जवाहर लाल हर्ष के सान्निध्य में वेदमंत्रों के उच्चारण के साथ हवन सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलकामना की प्रार्थना की। इस दौरान भगवान गणेश, नवग्रह, षोडश मातृका तथा प्रधान देवता भगवान कृष्ण का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। साथ ही पितरों का पूजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक विदाई दी गई।
पूर्णाहुति के दौरान “स्वाहा” और वैदिक मंत्रों की गूंज से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। यज्ञ भगवान को विशेष भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सफल आयोजन के लिए समिति का आभार व्यक्त किया।
दोपहर 12 बजे से विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन आरम्भ हुआ, जिसमें लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रसादी में पूड़ी, चावल, छोले, मिक्स वेज, रसभरी और रायता सहित विविध व्यंजनों की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और प्रेम के साथ प्रसादी ग्रहण की।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला। समिति के अजय गांधी, नितिन भाटिया, हरीश भाटिया, योगराज भाटिया, आशीष भाटिया और अजय भाटिया सहित सैंकड़ों समाजबंधुओं एवं स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।
नितिन भाटिया ने बताया कि 108 श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में देश के 45 से अधिक शहरों से आए भाटिया बिरादरी के प्रतिनिधियों ने सामूहिक आरती कर भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया। प्रतिनिधियों ने इस विराट आयोजन के सफल संचालन के लिए भाटिया बिरादरी जयपुर का आभार व्यक्त करते हुए समिति के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। आयोजन को श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक एकता और सामूहिक आस्था का अनुपम उदाहरण बताया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
