भरतपुर, 19 मार्च। जल संसाधन एवं जिला प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए आमजन को पेयजल, विद्युत एवं चिकित्सा संबंधी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पडे इसके लिए अभी से प्लानिंग कर सभी अधिकारी टीम भावना से कार्य करें। उन्होंने विकास कार्याें को समयबद्ध रूप से गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये।

पेयजल आपूर्ति और ग्रीष्मकालीन कार्ययोजना की समीक्षा

जल संसाधन मंत्री गुरूवार को कलैक्ट्रेट सभागार में मूलभूत सुविधाओं की आपूर्ति, बजट घोषणाओं एवं विकास कार्याें की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपस्थित अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि "आमजन को गर्मी के मौसम में पेयजल समस्याओं का सामना नहीं करना पडे़ जहां विभाग के सिस्टम हैं नियमित रूप से पेयजल सप्लाई हो, आवश्यक स्थानों पर टैंकरों के माध्यम से या स्थानीय स्त्रोतों से पेयजल आपूर्ति की जाये।" उन्होंने जलदाय विभाग के कंट्रोल रूम नम्बर 05644-222731 का प्रचार-प्रसार कर जनप्रतिनिधियों तक सूचना भिजवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जलस्त्रोतों के कार्य पूर्ण होने पर विद्युत निगम शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराये जिससे जनता को लाभ मिल सके। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों को भी गति देकर आवश्यक मरम्मत कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिये।

विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने के निर्देश

जिला प्रभारी मंत्री ने विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा संस्थानों में मौसमी बीमारियों के रोकथाम के उपाय करने, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं संबंधी जनहित के समस्याओं का शीघ्रता से निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि "पंच गौरव योजना में सभी कार्यों को प्रचार-प्रसार कर जिले की पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने के लिए प्रमोशन को बढावा दें।" उन्होंने एक जिला - एक उत्पाद में एग्रो इंडस्ट्रीज को बढावा देने के लिए उद्यमियों को सरकार की योजनाओं को समय पर लाभ प्रदान करने को कहा। उन्होंने राईजिंग राजस्थान के तहत हुए एमओयू को पूर्ण कर स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। विभागवार समीक्षा के दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त स्कूूल भवनों के मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता से कराने, 414 कक्षा-कक्षों के मरम्मत कार्य के वर्क ऑर्डर के साथ ही नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिये।

सम्पर्क पोर्टल के परिवादों का त्वरित निस्तारण

जिला प्रभारी मंत्री ने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों की समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन को समस्या निराकरण के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाने पडे। सभी अधिकारी संवेदनशीलता से समय पर निराकरण करते हुए परिवादी से संवाद कर फीडबैक भी लें। उन्होंने कहा कि "माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सम्पर्क पोर्टल के परिवादों को शीघ्रता के साथ निस्तारण के निर्देश दिये हैं इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।" जिला कलक्टर ने बताया कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज 6 हजार 561 परिवादों का निस्तारण किया है, वर्तमान में 80 प्रतिशत परिवादी विभागों द्वारा की गई कार्यवाही से संतुष्ट हैं।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता की अनिवार्यता

उन्होंने कहा कि जिले में कराये जा रहे विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सडकों के चौडाईकरण, पेयजल लाईन डालने जैसे कार्यों के क्रियान्वयन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों का सुझाव लेने के निर्देश दिये। उन्होंने सडकों के कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता की पालना करते हुये गारन्टी समय की सडकों की मरम्मत संबंधित संवेदक से समय पर कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि "शहर में चल रहे फ्लाईओवर, सड़क चौडाईकरण, भवन के फसाड कार्य, चौराहों के सौंदर्यीकरण गुणवत्ता से समय पर पूरे हों।"

जिला कलक्टर कमर चौधरी ने जिले में चल रहे विकास कार्याें, विभागीय उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन कार्यों को गुणवत्ता के साथ कराते हुए आमजन को सुशासन की अवधारणा के अनुरूप राहत देने के लिए आश्वास्त किया। इस अवसर पर आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया, सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, डीएफओ वी.वी चेतन, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, आयुक्त निगम श्रवण विश्नोई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जिलाध्याक्ष शिवानी दायमा, गिरधारी तिवारी, सत्येन्द्र गोयल, मनोज भारद्वाज, गिरधारी गुप्ता, भगवानदास शर्मा सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story