भरतपुर में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिला पुलिस और जिला विशेष टीम ने कुख्यात गैंगस्टर विनोद पथैना के गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सक्रिय गैंगस्टर विनोद पथैना सहित कुल 07 शातिर बदमाशों को अवैध हथियारों, कारतूसों और बुलेटप्रूफ जैकेट के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मथुरागेट थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में दबिश देकर यह कार्रवाई की, जिससे किसी बड़ी वारदात की साजिश नाकाम हो गई।

यह कार्रवाई आईजी कैलाश चन्द्र बिश्नोई के निर्देश पर कार्यवाहक जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर धर्मेंद्र यादव के निर्देशन तथा वृताधिकारी शहर नरेंद्र के सुपरविजन में अंजाम दी गई। कार्रवाई के बाद भरतपुर शहर में संभावित बड़ी और सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की अपराधियों की योजना पूरी तरह विफल हो गई।

घटनाक्रम के अनुसार गुरुवार को एसएचओ हरलाल के निर्देश पर उप निरीक्षक बलराम सिंह मय जाप्ता शहर में कानून व्यवस्था एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भरतपुर के उन्नति होटल के मालिक जगदीश ने कुख्यात बदमाश विनोद पथैना और उसके 6–7 हथियारबंद साथियों को बिना किसी एंट्री के होटल में ठहराया हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक बलराम सिंह मय जाप्ता तत्काल उन्नति होटल पहुंचे। वहां काउंटर पर होटल मैनेजर विष्णु मौजूद मिला।

पुलिस ने जब होटल के कमरा नंबर 101 को खुलवाया तो उसमें 7 व्यक्ति मौजूद मिले, जिनकी होटल गेस्ट रजिस्टर में कोई एंट्री नहीं थी। सघन तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी विनोद पथैना के कब्जे से 1 अवैध पिस्टल (32 बोर), 1 देसी कट्टा (315 बोर), 05 कारतूस (.32 बोर), 7 कारतूस (7.65 एमएम), 1 धारदार तलवार, 1 हुंडई क्रेटा कार, एक बुलेटप्रूफ जैकेट तथा जमीनों के विवादित कागजात बरामद हुए। वहीं सह-आरोपी केशव के पास से 1 देसी कट्टा एवं कारतूस बरामद किया गया, जबकि आरोपी गंगाराम व घनश्याम के पास से वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्य सरगना विनोद पथैना उर्फ पहलवान (45) पुत्र तेजसिंह जाट निवासी पथैना, खेडली मोड़; केशव (46) पुत्र अतरसिंह जाट निवासी अछनेरा, हाल मथुरा, उत्तर प्रदेश; गंगाराम (51) पुत्र देवकीनंदन निवासी चिकसाना, हाल भरतपुर; हाकिम (54) पुत्र सुखराम जाट निवासी रारह, डीग; जितेंद्र (26) पुत्र सत्यवीर सिंह जाट निवासी चिकसाना; घनश्याम (55) पुत्र वीरीसिंह जाट निवासी चिकसाना तथा अशोक (59) पुत्र दीवानसिंह जाट निवासी सेवर के रूप में हुई है।

मुख्य आरोपी विनोद पथैना एक आदतन एवं दुर्दांत अपराधी है, जिसके विरुद्ध हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या, हत्या का प्रयास, फिरौती एवं जमीनों पर अवैध कब्जे जैसे दो दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस जांच में विनोद पथैना के मोबाइल फोन से उसके व्हाट्सऐप चैट और वॉइस कॉल्स के माध्यम से गज्जू सुभाषनगर, विशाल और संदीप सुभाषनगर नामक व्यक्तियों को धमकाकर अवैध रूप से धन की मांग के डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। इस संबंध में मथुरागेट थाना पुलिस ने शुक्रवार को सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू कर दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक बलराम, कांस्टेबल महेश, वीरेंद्र, पंकज, सुरेश, शांतनु, निरोत्तम, सुनील, चालक धर्मेंद्र तथा डीएसटी टीम भरतपुर की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है, जिससे इस संगठित रंगदारी एवं अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोश चेहरों के भी उजागर होने की संभावना प्रबल हो गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story