सहकार सप्ताह के छठे दिन जयपुर में युवाओं के लिए भारत टैक्सी कार्यशाला, स्वदेशी पर जोर
जयपुर के सहकार भवन में सहकार सप्ताह के छठे दिन युवाओं के लिए भारत टैक्सी पर कार्यशाला आयोजित हुई, स्वदेशी मॉडल और सेवाओं पर जोर दिया गया।

तस्वीर में जयपुर के सहकार भवन में आयोजित कार्यशाला के दौरान अधिकारी भारत टैक्सी के पोस्टर के साथ दिखाई दे रहे हैं।
जयपुर में सहकार सप्ताह के छठे दिन सहकार भवन में युवाओं के लिए सहकारिता की महत्ता और भारत टैक्सी सेवा को लेकर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दिन को यूथ दिवस (युवा दिवस) के रूप में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता एसएलडीबी (SLDB) के प्रबंध निदेशक SLDB के प्रबंध निदेशक जितेंद्र शर्मा द्वारा की गई।
कार्यक्रम में जितेंद्र शर्मा ने बताया कि भारत टैक्सी भारत की अपनी टैक्सी सेवा है, जिसमें कोई भी विदेशी प्रदाता शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि इस स्वदेशी टैक्सी ऐप ने बहुत कम समय में बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भारत टैक्सी एप्प से पहली राइड बुकिंग करने पर उपभोक्ता को अमूल आइसक्रीम का एक विशेष कूपन जारी किया जाएगा, जिसे ब्लिंकिट से मंगवाया जा सकेगा।
उन्होंने आगे बताया कि भारत टैक्सी सेवा एक किफायती और सुरक्षित सेवा है, जिसमें किराया अन्य सेवा प्रदाताओं की तुलना में 10 प्रतिशत तक कम रखा गया है। यह सेवा सर्ज फ्री प्राइसिंग पर आधारित है, जिसमें टैक्सी ड्राइवर और उपभोक्ता दोनों के हितों का ध्यान रखा गया है।
भारत टैक्सी के नोडल अधिकारी श्री भोमाराम ने बताया कि यदि उपभोक्ता किसी कारण से भारत टैक्सी की बुकिंग कैंसिल करता है तो उस पर किसी प्रकार का कैंसिलेशन चार्ज नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला ड्राइवरों को विशेष रोजगार अवसर दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल पुलिस वेरिफिकेशन पूर्ण होने के बाद ही ड्राइवरों को सेवा से जोड़ा जाता है।
कार्यशाला में यह भी बताया गया कि भारत टैक्सी सेवा जीरो कमीशन मॉडल पर काम करती है, जिससे ड्राइवरों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिलता है और उपभोक्ताओं को कम कीमत पर बेहतर, सुरक्षित और विश्वसनीय सेवा उपलब्ध होती है। कार्यक्रम के अंत में सहकारिता और स्वदेशी के इस अनूठे संगम की सराहना की गई और युवाओं से इस स्वदेशी मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त रजिस्ट्रार जयपुर खण्ड श्री मदन लाल गुर्जर, अतिरिक्त रजिस्ट्रार प्रोसेसिंग श्री शुद्धोधन उज्ज्वल, संयुक्त रजिस्ट्रार मार्केटिंग श्रीमती सोनल माथुर, संयुक्त रजिस्ट्रार प्लान श्री अनिल कुमार, प्रबंध निदेशक काॅनफैड श्री राजेन्द्र सिंह, उप रजिस्ट्रार बैंकिंग श्रीमती अदिति गोठवाल, सहायक रजिस्ट्रार उपभोक्ता श्री सतीश सिंघल सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन राजस्थान सहकारी संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मोहम्मद रफीक ने किया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
