जयपुर में भारत टैक्सी की सेवाओं को अधिक प्रभावी और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 18 अक्टूबर 2026 को नेहरू सहकार भवन, जयपुर में हुई बैठक में भारत टैक्सी के संचालन, सेवाओं की गुणवत्ता और राइड की संख्या बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक में शासन सचिव, सहकारिता भी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने मौजूदा स्थिति की समीक्षा करते हुए संचालन को अधिक प्रभावी, प्रतिस्पर्धी और जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जयपुर में भारत टैक्सी पर वर्तमान में 53,766 ड्राइवर पंजीकृत हैं, लेकिन प्रतिदिन संचालित राइड की संख्या शुरुआती लगभग 1,000 राइड प्रतिदिन से घट गई है। इस स्थिति को देखते हुए मुख्य सचिव ने राइड की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस और परिणामोन्मुखी प्रयास करने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने भारत टैक्सी के सी.ई.ओ.ओ. श्री विवेक पाण्डे को 31 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन 5,000 राइड का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। इसके लिए समर्पित टीम गठित करने, प्रभावी प्रोत्साहन मॉडल विकसित करने और आगामी 15 दिवस में व्यापक मार्केटिंग एवं कार्ययोजना तैयार कर उसे क्रियान्वित करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने अपने मोबाइल फोन पर भारत टैक्सी ऐप का अवलोकन भी किया। उन्होंने ऐप की कार्यप्रणाली और उपयोगकर्ता अनुभव में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रत्येक राइड की समीक्षा करने और यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

भारत टैक्सी के प्रचार-प्रसार को व्यापक बनाने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार गतिविधियां संचालित करने तथा स्टैंडी स्थापित करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से प्रचार करने और जयपुर नगर निगम के सहयोग से मार्केटिंग गतिविधियों को गति देने पर भी जोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने पुलिस, परिवहन, नगर निगम और डेयरी सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्राप्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, भारत टैक्सी के संचालन की दैनिक मॉनिटरिंग करने, पोर्टल पर नियमित प्रगति रिपोर्ट दर्ज करने और व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से प्रतिदिन समीक्षा एवं समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने सारथियों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने, निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति का लगातार आकलन करने और सेवाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में राजफेड के एमडी सौरभ स्वामी, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर पुरुषोत्तम शर्मा, नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा और आरसीडीएफ एमडी श्रुति भारद्वाज सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में निर्धारित कार्ययोजना, प्रचार-प्रसार और दैनिक निगरानी के जरिए भारत टैक्सी की राइड संख्या बढ़ाने तथा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार पर जोर दिया गया।

Next Story