गर्मी से पहले अलर्ट मोड में सरकार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की पेयजल, एलपीजी आपूर्ति और वृक्षारोपण तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने पेयजल आपूर्ति, एलपीजी वितरण की मॉनिटरिंग और जमाखोरी पर कार्रवाई के निर्देश दिए, बैठक में मंत्रियों और जिला कलेक्टरों ने भाग लिया।

जयपुर। ग्रीष्मकालीन पूर्व तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने प्रशासनिक तंत्र को सतर्क कर दिया है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक लेकर गर्मी के मौसम के मद्देनज़र पेयजल, एलपीजी आपूर्ति और वृक्षारोपण से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने पीएचईडी विभाग और सभी जिला कलक्टर्स को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में प्रदेशभर में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र में पानी की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो और पेयजल वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही मुख्यमंत्री ने वन विभाग को आगामी वृक्षारोपण कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए नर्सरियों में पर्याप्त संख्या में पौधे तैयार करने और उनका व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को भी गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों और जिला कलक्टर्स को वितरण प्रणाली की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एलपीजी की उपलब्धता में किसी प्रकार की बाधा न आए और जमाखोरी जैसी गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री कन्हैया लाल चौधरी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा और मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा, संभागीय आयुक्त तथा जिला कलक्टर्स वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
गर्मी के मौसम से पहले आयोजित इस समीक्षा बैठक के माध्यम से राज्य सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि पेयजल, एलपीजी आपूर्ति और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़े मुद्दों पर प्रशासनिक स्तर पर सतत निगरानी और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रदेशवासियों को गर्मी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
