ओम बन्ना मंदिर को भूमि आवंटन पर बोले सीएम भजनलाल शर्मा, धार्मिक पर्यटन से लेकर विकास योजनाओं का रखा विस्तृत खाका
पाली के चोटिला स्थित श्री ओम बन्ना मंदिर को भूमि आवंटन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धार्मिक पर्यटन, विरासत संरक्षण और विकास योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान शौर्य और पराक्रम की भूमि होने के साथ ही आस्था और विश्वास की पावन धरती है, जहां पग-पग पर आस्था धाम मौजूद हैं और अनेक महापुरुषों ने अपने अलौकिक चमत्कारों से लोकहितकारी कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि श्री ओम बन्ना के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है और लोग उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से रक्षा करने तथा मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए श्रद्धापूर्वक पूजते हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर श्री ओम बन्ना मंदिर के लिए भूमि आवंटन के उपलक्ष्य में आयोजित आभार समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पाली जिले के चोटिला स्थित श्री ओम बन्ना मंदिर के विस्तार और सुव्यवस्थित विकास के लिए राज्य सरकार ने भूमि आवंटित की है। इससे मंदिर परिसर का समुचित विकास होगा और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विरासत भी-विकास भी’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए प्रदेश के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्ष में विरासत स्थलों और आस्था धामों के विकास के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। राजस्थान में पृथ्वीराज चौहान पैनोरमा, मीरा बाई, राणा सांगा, हाड़ी रानी और वीर शिरोमणि राव चंद्रसेन सहित अनेक पैनोरमाओं का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट में धार्मिक पर्यटन को नई गति देने के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। पुष्कर, खाटूश्यामजी, नाथद्वारा, केशोरायपाटन, डीग और चित्तौड़गढ़ जैसे धार्मिक शहरों में हेरिटेज वॉक वे का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही किराडू के मंदिर समूह के संरक्षण एवं जीर्णाद्धार का कार्य होगा तथा शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण के लिए भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाली के श्री करूणामूर्ति धाम और ब्यावर के मकरमंडी माताजी मंदिर में भी विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक एक लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा करा चुकी है। इस वर्ष भी हजारों वरिष्ठजनों को हवाई मार्ग से नेपाल के पशुपतिनाथ तथा एसी ट्रेन के माध्यम से विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि देवस्थान विभाग की धर्मशालाओं की मरम्मत और जीर्णाद्धार कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवस्थान विभाग के अधीन खाली भूमि पर धर्मशालाओं के निर्माण एवं संचालन के लिए नई नीति बनाई जाएगी। इसके अलावा दीपावली, होली, शिवरात्रि, रामनवमी और गुरु पूर्णिमा जैसे पर्वों पर मंदिरों में विशेष साज-सज्जा और आरती कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां आस्था का सम्मान होता है, वहां संस्कृति सशक्त होती है, समाज संगठित होता है और विकास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकसित, समृद्ध और गौरवशाली राजस्थान के निर्माण में सहभागिता की अपील की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए पानी और बिजली के क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं को धरातल पर उतार रही है, जिससे इनकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत फैसलों के कारण पेपरलीक पर लगाम लगी है तथा युवाओं के लिए रिकॉर्ड भर्तियों के साथ स्वरोजगार के समुचित अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों और पशुपालकों के कल्याण के लिए भी विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
समारोह में विधायक पुष्पेन्द्र सिंह राणावत, श्री ओम बन्ना मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, मारवाड़ राजपूत सभा के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भूमि आवंटन के इस निर्णय को मंदिर के विकास, धार्मिक पर्यटन और राज्य सरकार की विरासत संरक्षण संबंधी योजनाओं के महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रस्तुत किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
