मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में आमजन के साथ की मॉर्निंग वॉक
जयपुर में लोक भवन रोड पर टहलते हुए मुख्यमंत्री ने नागरिकों से संवाद किया और योग एवं व्यायाम को स्वस्थ जीवन के लिए अनिवार्य बताया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने रविवार सुबह अपनी सहज कार्यशैली और आत्मीयता से प्रदेशवासियों का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री ने सुबह मुख्यमंत्री निवास के बाहर लोक भवन रोड पर मॉर्निंग वॉक की, जहाँ उन्होंने आमजन के बीच पहुँचकर न केवल संवाद किया बल्कि योग एवं व्यायाम को स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र बताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए कहा कि शरीर में पूरे दिन ताजगी और ऊर्जा बनाए रखने के लिए मॉर्निंग वॉक अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के लिए कुछ समय अवश्य निकालना चाहिए, क्योंकि योग और व्यायाम ही निरोगी जीवन का वास्तविक सूत्र हैं।
वॉक के दौरान मुख्यमंत्री की सादगी और आत्मीय व्यवहार को देखकर वहां मौजूद लोग उत्साहित हो उठे और उनके साथ कदमताल करने लगे। लोक भवन रोड पर टहल रहे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों में मुख्यमंत्री से मिलने की भारी उत्सुकता नजर आई। मुख्यमंत्री ने भी किसी को निराश नहीं किया और सहजता से लोगों के साथ संवाद किया। इस यादगार पल को यादगार बनाने के लिए नागरिकों ने अपने मोबाइल फोन में मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली और इस विशेष अनुभव को कैद किया। मुख्यमंत्री का यह अनौपचारिक अंदाज शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में एक सशक्त प्रेरणा के रूप में उभरा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
