दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 6 केंद्रीय मंत्रियों से की अहम बैठक, ऊर्जा से मेट्रो तक कई मुद्दों पर चर्चा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली दौरे में 6 केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर ऊर्जा, जल, मेट्रो, कृषि और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर अहम चर्चा की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान सोमवार देर रात और मंगलवार को प्रदेश के हितों की पैरवी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी समन्वय के उद्देश्य से छह केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। इन बैठकों में ऊर्जा, शहरी विकास, कृषि, खाद्य सुरक्षा, जल सहित विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर समन्वय को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम को व्यवस्थित रूप से धरातल पर लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले ही दिन से सभी मजदूरों को कार्य उपलब्ध कराया जा रहा है तथा प्रत्येक गांव का सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित ग्राम विकास चौपालों की भी सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी से हुई मुलाकात में मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक खाद्यान्न वितरण प्रणाली, राज्य में अन्न भंडारण क्षमता के विस्तार और आधुनिक वेयरहाउस विकसित करने पर चर्चा की। इस दौरान प्रल्हाद जोशी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के क्षेत्र में राजस्थान की उल्लेखनीय प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केंद्र और राज्य सरकार के बीच मजबूत साझेदारी का प्रतीक है। बैठक में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन मॉडल के माध्यम से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को गति देने, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के विकास से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी मामलात मंत्री मनोहर लाल के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने राजस्थान में ऊर्जा क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण, आवास एवं शहरी विकास की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। इसके साथ ही प्रदेश में ई-बस सेवाओं और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषय भी बैठक के केंद्र में रहे।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन, यमुना जल परियोजना, राम जल सेतु लिंक परियोजना सहित प्रदेश की विभिन्न जल परियोजनाओं और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर सकारात्मक संवाद किया। वहीं केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलात मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ हुई बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ केंद्र और राज्य के बीच समन्वय को लेकर सार्थक और सकारात्मक चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि सोमवार देर रात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की थी। इस दौरान राजस्थान में चल रही विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नई दिल्ली प्रवास के दौरान हुई इन बैठकों में राज्य की ऊर्जा, कृषि, जल, शहरी विकास, परिवहन और आधारभूत संरचना से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं पर केंद्र और राज्य के बीच समन्वय को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
