केकड़ी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी 880 करोड़ की सौगात, फोरलेन सहित विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण
केकड़ी दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लगभग 880 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। जानिए किन परियोजनाओं को मिली मंजूरी।

तस्वीर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (मध्य) मंच पर उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी फूलों की माला पहने हुए और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते हुए दिख रहे हैं।
अजमेर जिले के केकड़ी में शनिवार को आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लगभग 880 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और अगली पीढ़ी के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार धरातल पर काम करते हुए आमजन के जीवन को सुगम बना रही है तथा पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर रोडमैप बनाकर उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं, जिनका असर अब धरातल पर दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 49 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का विकास कराया गया है। साथ ही 18 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण हुआ है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 हजार किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के कार्य भी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि रेल नेटवर्क का विस्तार और नए एयरपोर्ट्स का विकास राजस्थान को नई विकास उड़ान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि पानी प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है और राज्य सरकार ने प्रमुख जल परियोजनाओं पर फोकस करते हुए हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसी क्रम में राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना सहित कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर प्राथमिकता के साथ कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसान, मजदूर, महिला और युवा इन चार प्रमुख वर्गों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रदेश में किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये की गई है, जिसे भविष्य में 12 हजार रुपये प्रतिवर्ष किया जाएगा। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है तथा बिजली बिलों में अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के माध्यम से पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 22 लाख से अधिक बीमा पॉलिसियां की जा चुकी हैं।
युवाओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में अब तक 1 लाख 78 हजार पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं तथा 1 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र में ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है तथा महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यों से प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार राजस्थान रिफाइनरी जैसे विश्व स्तरीय प्रोजेक्ट का लोकार्पण विकास की इसी सकारात्मक सोच का परिणाम है।
सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि यमुना का पानी राजस्थान की धरती तक पहुंचाना मुख्यमंत्री का भगीरथ प्रयास है, जिसका लाभ शेखावाटी की जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सड़क तंत्र को मजबूत बनाने के साथ प्रदेश का बिजली उत्पादन में सरप्लस होना भी मुख्यमंत्री की बड़ी उपलब्धि है।
केकड़ी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। उन्होंने हेलीपेड के पास स्थित राजकीय महाविद्यालय में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद कृषि उपज मंडी स्थित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के दौरान मार्ग में विभिन्न स्थानों पर आमजन ने उनका स्वागत किया।
समारोह में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विधायक शत्रुघ्न गौतम, शंकर सिंह रावत, रामस्वरूप लाम्बा, गोपी चंद मीणा, राजेन्द्र गुर्जर और वीरेन्द्र सिंह कानावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने नसीराबाद-सरवाड़-केकड़ी-देवली फेज-प्रथम फोर लेन सड़क का शिलान्यास किया। इसके साथ ही सिंगावल, गोपालपुरा, भिनाय, टांटोटी रोड, डबरेला एमडीआर सड़क, केरोट, जैतपुरा, चांवड़िया, पाडलिया, नागोल, बडला, रघुनाथगढ़, रामालिया, टांटोटी, केबानिया, भटियानी तक की सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ाईकरण, हरपुरा, कुमारिया, हिंगोनिया, लल्लाई, भांटोलाव, सरवाड़, जडाना, खांडरा, सांतोलाव, केरियाखुर्द, नागोला सड़क, दतोब, भादू का खेड़ा, कुहाड़ा, कनोज, लसाड़िया, एकलसिंहा, केकड़ी सड़क, धुंवालिया, एकलसिंहा, मेवदाकलां, रूपनिवास, सलारी, तसवारिया, मोलकिया, कालेड़ा, फारकिया, भंराई, प्रान्हेड़ा, सांपला सड़क, केकड़ी नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क तथा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में कमरों के निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय भवन, केकड़ी, सरवाड़, नसीराबाद, सावर और देवली सड़क के उन्नयन कार्य तथा केकड़ी क्षेत्र में पुलिया और सड़कों के निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। लगभग 880 करोड़ रुपये के इन विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
