जयपुर, 08 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को बूंदी जिले की इंद्रगढ़ तहसील स्थित गुहाटा गांव पहुंचकर राम जल सेतु लिंक परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन चंबल एक्वाडक्ट के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राम जल सेतु लिंक परियोजना राज्य सरकार की अति महत्वाकांक्षी परियोजना है।

17 जिलों की प्यास बुझाएगी महत्वाकांक्षी परियोजना

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कहा कि "इस परियोजना के माध्यम से पूर्वी राजस्थान के 17 जिलों में पेयजल एवं सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा तथा प्रदेश की लगभग 40 फीसदी आबादी इससे लाभांवित होगी।" उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परियोजना में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना के सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयावधि में पूर्ण हो।

चंबल नदी पर निर्मित होगा 2,280 मीटर लंबा एक्वाडक्ट

श्री शर्मा ने जोर देते हुए कहा कि चम्बर एक्वाडक्ट राम जल सेतु लिंक परियोजना का एक महत्वपूर्ण घटक है, ऐसे में अधिकारी निर्माणाधीन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने परियोजना की प्रगतिरत कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना की प्रगति की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि चम्बल एक्वाडक्ट कोटा के पीपल्दा समेल गांव तथा बूंदी के गुहाटा गांव के मध्य चम्बल नदी पर बनाया जा रहा है। इसकी कुल लंबाई 2 हजार 280 मीटर है तथा एक्वाडक्ट का निर्माण 5060 पाइलों एवं 77 पाइल कैपों पर किया जाएगा।

तकनीकी विशेषता और सुगम आवागमन

निरीक्षण के दौरान यह जानकारी सामने आई कि एक्वाडक्ट में औसतन 384 गोलाकार पीयरों का निर्माण होगा। इसके जरिए चम्बल नदी के ऊपर जल का प्रवाह किया जाकर चम्बल नदी को क्रॉस किया जाएगा जिससे आमजन के लिए वाहनों के आवागमन की सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने एक्वाडक्ट पीयर का पूजन किया और प्रोजेक्ट साइट पर राम जल सेतु लिंक परियोजना के निर्माण कार्यों को लेकर तैयार की गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इससे पूर्व श्री शर्मा ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण का संदेश दिया। इस दौरान जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत, ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन श्री अभय कुमार सहित परियोजना से जुड़े अधिकारीगण मौजूद रहे।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story