प्रधानमंत्री के रूप में 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण करने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। मुख्यमंत्री द्वारा लिखे गए पत्र में प्रधानमंत्री के नेतृत्व, जनकल्याणकारी दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों को देश के विकास की नई यात्रा का आधार बताया गया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि किसान कल्याण, नारी शक्ति वंदन, युवा सशक्तिकरण तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में किए गए कार्यों ने देश के 140 करोड़ नागरिकों के मन में ‘मोदी है तो मुमकिन है’ की भावना को और अधिक प्रबल बनाया है।

मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राजस्थान को अनेक ऐतिहासिक विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना तथा माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना जैसे महत्वपूर्ण उपक्रमों ने प्रदेश के विकास को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी परियोजना के साकार होने से प्रदेश में विकास का नया युग प्रारंभ होने जा रहा है, जबकि दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के अंतर्गत विकसित औद्योगिक क्षेत्रों ने राजस्थान को देश के प्रमुख औद्योगिक गंतव्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

पत्र में मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कई प्रमुख जनकल्याणकारी पहल राजस्थान की धरती से प्रारंभ हुई हैं। झुंझुनूं से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का राष्ट्रीय विस्तार, पोषण अभियान का शुभारंभ तथा अजमेर से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत इस बात का प्रमाण है कि राजस्थान, प्रधानमंत्री के सान्निध्य और मार्गदर्शन में विकसित राजस्थान-2047 के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दृढ़ नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की नई सुरक्षा नीति और राष्ट्रीय संकल्प को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में राजस्थान के वीर सपूतों ने भी साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का परिचय देकर देश का गौरव बढ़ाया है।

सांस्कृतिक विरासत के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शांति, संतुलित एवं टिकाऊ विकास तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संवाहक के रूप में विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक और सोमनाथ स्वाभिमान पर्व जैसी पहलों को सांस्कृतिक पुनर्जागरण को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने वाला बताया।

प्रधानमंत्री के राष्ट्रसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का यह संदेश न केवल राजस्थान की जनता की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करता है, बल्कि केंद्र और राज्य के बीच विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक उत्थान के साझा संकल्प को भी रेखांकित करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story