मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में मनाया होली का त्योहार
जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित भव्य महोत्सव में प्रदेशभर के हजारों लोग, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

जयपुर में बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित होली महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उनकी पत्नी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ आमजन का अभिवादन स्वीकार करते हुए।
जयपुर, 4 मार्च। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को आमजन के साथ होली का पावन पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित भव्य होली महोत्सव में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायकगण एवं पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री शर्मा ने सपत्नीक आमजन को गुलाल लगाकर, फूलों की वर्षा कर तथा आत्मीय अभिवादन के साथ सभी का स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं पार्टी पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "यह पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। होली हमें भेदभाव मिटाकर एकता के रंग में रंगने का संदेश देती है।" इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि "होली भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा का प्रतीक है। प्रदेश में सामाजिक सद्भाव, विकास और सांस्कृतिक एकता के रंग इसी प्रकार गहराते रहें, यही हमारी कामना है।" उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ आमजन के बीच जाकर गुलाल लगाया और कार्यकर्ताओं के साथ होली की बधाई साझा की।
शेखावाटी के चंग से लेकर ब्रज की होली का छाया सुरूर
होली महोत्सव में प्रदेशभर की विविध सांस्कृतिक झलकियां एक ही छत के नीचे देखने को मिलीं। ब्रज से आए भारतीय कला संस्थान के कलाकारों एवं भजन मंडली ने पारंपरिक फाग गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांधा। वहीं शेखावाटी क्षेत्र के फतेहपुर की गो वत्स फाग मंडली ने चंग की थाप पर धमाल प्रस्तुत कर वातावरण को फाल्गुनी रंगों से सराबोर कर दिया। मुख्यमंत्री स्वयं भी कलाकारों के बीच पहुंचे और फाग गीतों में सहभागी बने।
कलाकारों ने एक छत के नीचे साकार की प्रदेशभर की संस्कृति
इस भव्य कार्यक्रम में भाजपा के उपाध्यक्ष, महामंत्री, प्रदेश मंत्री सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री निवास पर कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समूचे प्रदेश की संस्कृति को एक छत के नीचे साकार कर दिया, जिससे उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
