जैसलमेर/जयपुर, 11 नवंबर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जैसलमेर स्थित तनोट माता मंदिर परिसर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के साथ भाई-दूज का पर्व मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बीएसएफ की महिला जवानों से रक्षा सूत्र बंधवाकर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प को मजबूत किया। मुख्यमंत्री ने महिला जवानों से संवाद कर उन्हें भाई-दूज की शुभकामनाएं दीं और देश की सीमाओं की सुरक्षा में उनके समर्पण, साहस तथा कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाई-दूज का पर्व भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। इस अवसर पर उन बहनों की भावनाओं को नमन है, जिनके भाई अपने परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं की सुरक्षा का दायित्व निभा रहे हैं। बीएसएफ देश की संप्रभुता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का सशक्त प्रहरी है। दिन हो या रात, गर्मी हो या सर्दी, सीमा सुरक्षा बल के जवान हर परिस्थिति में सीमाओं पर मुस्तैद रहकर राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं।

उन्होंने कहा कि देश की बेटियां भी सुरक्षा के मोर्चे पर अपनी क्षमता, साहस और समर्पण का परिचय दे रही हैं। बीएसएफ की महिला जवानों ने कठिन परिस्थितियों में साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ नई मिसाल कायम की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना और बीएसएफ के जवानों ने अद्भुत पराक्रम का प्रदर्शन किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाओं के विकास और मजबूत समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्मार्ट बॉर्डर की परिकल्पना के अनुरूप सीमा सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि घुसपैठ के कारण सीमांत क्षेत्रों में जनसांख्यिकी परिवर्तन हो रहा है। इस चुनौती से निपटने और देश को घुसपैठ मुक्त बनाने के लिए मजबूत तंत्र विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में घुसपैठ की समस्या की जड़ों पर प्रहार करते हुए इसके स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है। इसी क्रम में सीमा पर आधारभूत संरचना के विकास के लिए आवंटित बजट में 400 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार की ओर से सीमा पर तैनात जवानों की सुरक्षा, सम्मान, सुविधाओं और कल्याण में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में पानी की समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त फण्ड उपलब्ध करवाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम के माध्यम से देश के अंतिम गांव को प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों से पलायन रोकने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राजस्थान में वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-2 के तहत बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर जिलों के 184 सीमावर्ती गांवों को विकास के लिए चयनित किया गया है।

नशामुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में राजस्थान सरकार भी पूरी गंभीरता से काम कर रही है। प्रदेश में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसके साथ ही 350 से अधिक महाविद्यालयों में नई किरण नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विजय स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में विधायक छोटू सिंह भाटी, सीमा सुरक्षा बल राजस्थान फ्रंटियर के आईजी डॉ. विकास पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में बीएसएफ के जवान उपस्थित रहे। तनोट माता मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने सीमा प्रहरियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा, विकास और नशामुक्ति के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता भी सामने रखी।

Next Story