मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चूरू में जनरल सगत सिंह राठौड़ की प्रतिमा का किया अनावरण
मुख्यमंत्री ने चूरू स्टेडियम का नाम सगत सिंह राठौड़ के नाम पर करने की घोषणा की और पूर्व सैनिकों के लिए राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

राजस्थान की पावन माटी, जो सदियों से वीरों और रणबांकुरों की वीरता की गवाह रही है, वहां के एक और अपराजेय योद्धा की स्मृतियों को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने जीवंत किया है। बुधवार को चूरू में आयोजित 'शौर्य के साथ संकल्प दिवस' कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आधुनिक सैन्य इतिहास के महानायक लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजस्थान के सपूतों ने हर युद्ध में अपने अदम्य साहस से मातृभूमि की रक्षा की है और सगत सिंह राठौड़ जैसे युगपुरुषों का जीवन वीरता एवं त्याग का वह अनुपम उदाहरण है जो आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। मुख्यमंत्री ने इस वीर योद्धा के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए घोषणा की कि चूरू स्टेडियम का नाम अब आधिकारिक रूप से 'सगत सिंह राठौड़ स्टेडियम' होगा।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मात्र 19 वर्ष की आयु में बीकानेर रियासत की सेना से अपने सैन्य सफर की शुरुआत करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह ने देश के प्रथम हेलीकॉप्टर सैन्य अभियान सहित कई ऐतिहासिक नवाचार किए। भारत-चीन युद्ध और बांग्लादेश की मुक्ति में उनके अतुलनीय योगदान को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि पद्म भूषण और परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित इस योद्धा ने सैन्य कौशल की नई परिभाषा गढ़ी है। राज्य सरकार की सैनिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री शर्मा ने बताया कि डीडवाना-कुचामन में प्रदेश का पहला एकीकृत सैनिक कल्याण परिसर स्थापित किया गया है और नवीन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय खोले जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, आरटीडीसी के होटलों में वीरांगनाओं को 50 प्रतिशत तथा सैनिकों को 25 प्रतिशत की छूट, पूर्व सैनिकों के मानदेय में वृद्धि, द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों की पेंशन में बढ़ोतरी और अग्निवीरों के लिए पुलिस एवं जेल सेवाओं में आरक्षण जैसे क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेना के आधुनिकीकरण और 'मेक इन इंडिया' की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से लंबित 'वन रैंक वन पेंशन' को लागू कर पूर्व सैनिकों को उचित सम्मान दिया गया है। उन्होंने राज्य की डबल इंजन सरकार के सवा दो साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कहा कि संकल्प पत्र के 74 प्रतिशत वादे पूरे हो चुके हैं। यमुना जल समझौते के माध्यम से शेखावाटी की तस्वीर और तकदीर बदलने का विश्वास दिलाते हुए उन्होंने ईआरसीपी, इंदिरा गांधी नहर और देवास जैसी परियोजनाओं की गति पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने जनरल सगत सिंह के गोवा मुक्ति संग्राम और अजेय योद्धा के रूप में उनके योगदान को याद किया, वहीं सिक्किम के राज्यपाल श्री ओम माथुर ने नाथूला बॉर्डर पर उनके साहस का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके विजय अभियान के कारण ही सिक्किम की जनता आज भी 11 सितंबर को 'नाथूला विजय दिवस' मनाती है। इस गरिमामयी समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने वार मेमोरियल का उद्घाटन किया और जनरल सगत सिंह की जीवनी पर आधारित शिलापट का अवलोकन किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री राजेन्द्र राठौड़ को जन्मदिन की बधाई दी गई और केंद्रीय राज्यमंत्री श्री भागीरथ चौधरी, अविनाश गहलोत, देवेंद्र झाझड़िया सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
